विंबलडन : मानस धामने ने बालक एकल के दूसरे दौर में बनाई जगह
लंदन : युवा भारतीय टेनिस खिलाड़ी मानस धामने ने ऑस्ट्रेलिया के 47वीं रैंकिंग के 16 वर्षीय हेडन जोन्स पर सीधे सेटों में आसान जीत के साथ विंबलडन में लड़कों के एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली है। इटली के पियाटी टेनिस सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाले धामने ने इससे पहले क्वालीफाइंग के पहले दौर में सर्बिया के वुक राडजेनोविच को 6-3, 6-2 से मात दी थी।
इसके बाद उन्होंने तुर्की के 10वीं वरीयता प्राप्त अताकन कराहन के खिलाफ तीन सेट तक चले कड़े मैच में जीत हासिल की।
पंद्रह वर्षीय धामने ने अपने प्रतिद्वंद्वी को एक घंटे 13 मिनट में 6-2, 6-4 से हराया। उनका अगला मैच बोलीविया के शीर्ष वरीय और दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी जुआन कार्लोस प्राडो एंजेलो से हो सकता है।

धामने का यह दूसरा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में लड़कों के वर्ग में भाग लिया था जहां वह दूसरे दौर में रिटायर हुए थे।