Trending

विंबलडन : पहले ही दौर में हार के साथ भांबरी-साकेत की जोड़ी हुई बाहर


भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी युकी भांबरी और साकेत माइनेनी विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में स्पेन के एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना और फ्रांस के एड्रियन मन्नारिनो से तीन सेट तक चले मैच में हारकर बाहर हो गई।

रोहन बोपन्ना और कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोवस्की की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी के 2019 विंबलडन चैंपियन इवान डोडिग और लतीशा चान से 7-6 (5), 3-6, 4-6 से हारने के साथ ही भारत की मिश्रित युगल में चुनौती खत्म हो गई।

फ्रेंच ओपन में 2017 में खिताब जीतने वाली बोपन्ना और डाब्रोवस्की की जोड़ी ने पहला सेट टाईब्रेकर में जीता, वह अगले दोनों सेट में लय बरकरार नहीं रख पाए। भांबरी और माइनेनी ने पहला सेट गंवाने के बाद दूसरे सेट में अच्छी वापसी की लेकिन आखिर में उन्हें दो घंटे तक चले मुकाबले में 4-6, 6-4, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत के शीर्ष रैंकिंग के युगल खिलाड़ी बोपन्ना ने अपने ऑस्ट्रेलियाई साथी मैथ्यू एबडेन के साथ पुरुष युगल में अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। यह छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी दूसरे दौर में जैकब फर्नले और योहानस मंडे की गैर वरीयता प्राप्त ब्रिटिश जोड़ी से भिड़ेगी।

भारत के युवा टेनिस खिलाड़ी मानस धामने ने ऑस्ट्रेलिया के 47वीं रैंकिंग के 16 वर्षीय हेडन जोन्स पर सीधे सेटों में आसान जीत के साथ बालक के एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली। पंद्रह वर्षीय धामने ने अपने प्रतिद्वंद्वी को एक घंटे, 13 मिनट में 6-2, 6-4 से हराया।

अब उनका मैच बोलीविया के शीर्ष वरीय और दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी जुआन कार्लोस प्राडो एंजेलो से हो सकता है। इटली के पियाटी टेनिस सेंटर में प्रशिक्षण लेने वाले धामने ने इससे पहले क्वालीफाइंग के पहले दौर में सर्बिया के वुक राडजेनोविच को 6-3, 6-2 से हराया था।

उन्होंने इसके बाद तुर्की के 10वीं वरीयता प्राप्त अताकन कराहन के खिलाफ तीन सेट तक चले कड़े मैच में जीत हासिल की। धामने का यह दूसरा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में लड़कों के वर्ग में हिस्सा लिया था जहां वह दूसरे दौर में रिटायर हो गए थे।