अमेरिका ओपन के खिताब पर होगी लक्ष्य सेन व सिंधु की निगाह
काउंसिल ब्लफ्स (अमेरिका) : कनाडा ओपन विजेता लक्ष्य सेन मंगलवार से शुरू हो रहे अमेरिकी ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे तो उनकी निगाह जीत की लय को बरकरार रखने पर टिकी होंगी। यह सेन का 17 महीने में पहला बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब है और अब उनकी नजरें अमेरिकी ओपन पर हैं।
अमेरिकी ओपन में लक्ष्य को तीसरी वरीयता मिली है और वह अपने अभियान का आगाज फिनलैंड के केल कोलजोनेन के खिलाफ करेंगे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की वजह से फॉर्म में गिरावट से उबरते हुए लक्ष्य ने कनाडा ओपन के फाइनल में ऑल इंग्लैंड चैंपियन चीन के ली शी फेंग को सीधे गेम में हराया।

खराब फॉर्म से जूझ रहे टोक्यो ओलंपियन बी साई प्रणीत को पहले दौर में दूसरे वरीय और दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी फेंग की कड़ी चुनौती का सामना करना है। महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता तीसरी वरीय सिंधु सत्र का पहला खिताब जीतने के इरादे से खेलेगी।
सिंधु अपना अभियान क्वालीफायर के खिलाफ शुरू करेंगी। सिंधु इस साल मैड्रिड स्पेन मास्टर्स के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहीं और कनाडा में सेमीफाइनल में जगह बनाने के बाद वह इस टूर्नामेंट में उतरेंगी। थाईलैंड की पूर्व विश्व विजेता रतचानोक इंतानोन को शीर्ष वरीयता मिली है और उन्हें सिंधु के हाफ में ही रखा गया है।
सिंधु और इंतानोन के हाफ में दूसरी वरीय बुसानन ओंगबामरुंगफान, चौथी वरीय बेइवेन झेंग और आठवीं वरीय लाइन क्रिस्टोफरसन जैसी खिलाड़ी भी शामिल हैं। रुतविका शिवानी गड्डे अपने अभियान की शुरुआत चीनी ताइपे की लिन सियांग टी के खिलाफ करेंगी।
पुरुष युगल में ओरलियंस मास्टर्स 2021 और सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय 2022 की उप विजेता कृष्ण प्रसाद गारगा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला की जोड़ी की भिड़ंत पहले दौर में लिन यू चीह और यू ली वेई की चीनी ताइपे की जोड़ी से होगी। महिला युगल में पांडा बहने रुतपर्णा और श्वेतपर्णा तथा अपेक्षा नायक और राम्या सी वेंकटेश की जोड़ियां चुनौती पेश करेंगी।