वेस्टइंडीज के खिलाफ विजयी शुरुआत की फिराक में टीम इंडिया
नई दिल्ली : भारत और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट डोमिनिका के विंसडर पार्क स्टेडियम में होगा। टीम इंडिया दौरे की विजयी शुरुआत करने की फिराक में होगी, वेस्टइंडीज लंबे समय से चले आ रहे हार के सिलसिले को तोड़ना चाहेगी। दोनों टीम की टेस्ट में आखिरी भिड़ंत 2019 में हुई थी।
एक समय वेस्टइंडीज की दुनियाभर में तूती बोलती थी, पिछले काफी समय से कैरेबियाई टीम की हालत खस्ता है। वेस्टइंडीज हाल ही में वर्ल्ड कप 2023 के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर सकी। भारत और वेस्टइंडीज के दरम्यान अभी तक कुल 98 टेस्ट मैच हुए। भारत ने इस दौरान 22 और वेस्टइंडीज ने 30 टेस्ट जीते। 46 मैच ड्रॉ पर छूटे।

भारत ने अपने घर में 13, वेस्टइंडीज ने 16 मैच जीते। भारतीय टीम कैरेबियाई धरती पर 9 टेस्ट में विजयी रही। भारत ने तब वेस्टइंडीज को उसी के घर में 2-0 से रौंदा था।
बता दें कि भारत ने पिछले 21 वर्ष से वेस्टइंडीज के खिलाफ कोई टेस्ट मैच नहीं गंवाया है। हालांकि, पिछले दो दशक में भारत का वेस्टइंडीज के विरुद्ध जबरदस्त दबदबा देखने को मिला है। वेस्टइंडीज टीम ने भारत से अंतिम बार टेस्ट 2002 में जीता था। वेस्टइंडीज ने तब 155 रन से विजयी परचम फहराया।
वेस्टइंडीज ने उस वर्ष पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। दो मैच ड्रॉ रहे। यह सीरीज वेस्टइंडीज में हुई थी।
टीम इंडिया उसके बाद से वेस्टइंडीज के खिलाफ ना तो कोई टेस्ट मैच और ना ही टेस्ट सीरीज से हारी। भारत ने पिछले 21 वर्षों में वेस्टइंडीज से लगातार 8 टेस्ट सीरीज जीती हैं।