जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप : जीत से शुरू हुआ निखिल व रोनित का अभियान
ईटानगर : पांचवीं जूनियर बालक मुक्केबाजी चैंपियनशिप में उभरते हुए मुक्केबाज निखिल नंदल और रोनित टोकस ने अपना अभियान जीत के साथ शुरू किया।
निखिल को जीत के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी, दिल्ली के रोनित (66 किग्रा) को ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा। उन्होंने केरल के अनंत कृष्णा को आसानी से हरा दिया। चंडीगढ़ के निखिल ने 50 किग्रा वर्ग में बिहार के रौशन कुमार को कड़े मैच में 4-1 से हराया।

इस करीबी मैच में दोनों मुक्केबाजों ने जबरदस्त दृढ़ संकल्प और कौशल का प्रदर्शन किया, आक्रामक तकनीक के दम पर निखिल ने यह मैच जीता। हरियाणा के दो मुक्केबाज ध्रुव (52 किग्रा) और अमन दास अहलावत (63 किग्रा) ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में दमदार प्रदर्शन किया।
ध्रुव ने उत्तर प्रदेश के रवि गोंड को 4-1 से, अमन ने मेघालय के रंग आई मैन लैमिन को एकतरफा मैच में शिकस्त दी। चंडीगढ़ के अरमान (57 किग्रा) ने अपने खेल में शीर्ष पर रहते हुए सिक्किम के रिवाश राय पर 5-0 से जीत दर्ज की। पंजाब के हर्षजोत सिंह (75 किग्रा) ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु के एस. देवसरन को पटखनी दी।