विंबलडन के क्वार्टरफाइनल में जोकोविच ने बनाई जगह
लंदन : विंबलडन के क्वार्टरफाइनल में सर्बिया के दिग्गज टेनिस प्लेयर नोवाक जोकोविच ने जगह बना ली है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगातार 32वीं जीत दर्ज करते हुए पोलैंड के हुबर्ट हुरकाज को हराया। 36 वर्ष के इस गत विजेता ने हुरकाज को चार सेटों तक चले मुकाबलों में हराया। उन्होंने 7-6(6) 7-6(6) 5-7 6-4 से मैच को जीता।
एक तरफ जोकोविच तो जीत गए, दूसरी ओर पांचवीं वरीयता प्राप्त ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें गैरवरीय अमेरिका के क्रिस्टोफर युबैंक्स ने उलटफेर का शिकार बनाया। युबैंक्स पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रॉ में खेल रहे हैं। उन्होंने पहली बार ही किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
युबैंक्स ने सितसिपास को 3-6, 7-6(4), 3-6, 6-4, 6-4 से हरा दिया। सितसिपास ऐसे पहले शीर्ष-5 रैंक के खिलाड़ी हैं जिन्हें युबैंक्स ने हराया है। क्वार्टरफाइनल में 23 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले जोकोविच का मैच सातवीं वरीय रूस के आंद्रे रूबलेव से होगा। दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उनका मैच चेक गणराज्य के जिरी लेहेका से था।

लेहेका चोट की वजह से मैच से बाहर हुए। मैच रुकने के समय मेदवेदेव 6-4, 6-2 से आगे थे। उन्हें वॉकओवर मिला। महिलाओं में गत विजेता कजाखस्तान की एलेना रायबाकिना को भी वॉकओवर मिला। उनके खिलाफ ब्राजील की बीट्रिज हदाद माइया सिर्फ पांच गेम के बाद चोट के कारण बाहर हो गईं। उस समय रायबाकिना 3-1 से आगे थीं।
क्वार्टर फाइनल में उनका मैच ट्यूनिशिया की ओन्स जबेउर से होगा। दुनिया की नंबर-1 महिला खिलाड़ी पोलैंड की इगा स्वियातेक ने 14वीं वरीयता की बेलिंडा बेनसिस को 6-7(4), 7-6 (2), 6-3 से हराकर पहली बार इस ग्रासकोर्ट ग्रैंडस्लैम के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। उनकी टक्कर वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाली यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना से होगी।
स्वितोलिना ने बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को 2-6, 6-4, 7-6 (9) से मात दी। स्वियातेक ने फ्रेंच ओपन में तीन और यूएस ओपन में एक चैंपियनशिप जीती है। अमेरिका की 25वीं वरीयता की मेडिसन कीज ने रूस की 16 साल की क्वालिफायर मीरा आंद्रिवा को स्वप्निल सफर चौथे दौर में थाम दिया। मेडिसन ने दो घंटे 2 मिनट तक चले मैच में 3-6, 7-6(4), 6-2 से जीत हासिल की।
उन्होंने लगातार नौवां मैच जीता है। एक हफ्ते पहले उन्होंने अपनी सातवीं डब्ल्यूटीए ट्रॉफी उठाई थी। पिछली बार मेडिसन ने 2015 में विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। उनकी टक्कर दूसरी वरीयता की आर्यना सबालेंका या 21वीं वरीयता की एकटरीना अलेक्जेंड्रोवा के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।
भारत के रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन पुरुष युगल के अंतिम-16 दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने दूसरे दौर में ब्रिटेन के जैकब और जोहानस मंडे को 7-5, 6-3 से हराया। इंडो-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने मैच के दौरान पांच एसेज लगाए जबकि प्रतिद्वंद्वी जोड़ी दो ही लगा सकी थी।
बोपन्ना-एबडेन ने पहले दौर में अर्जेंटीना के गुइलेर्मो और टॉमस एचेवेरी को पराजित किया था। हालांकि मिश्रित युगल में बोपन्ना और कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोवस्की की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा था।