दूसरे दिन हरियाणा के मुक्केबाजों ने जीत के साथ शुरू किया अपना अभियान
ईटानगर : जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दूसरे दिन हरियाणा के युवा मुक्केबाज सिकंदर और योगेश ढांडा ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया। दोनों ने 5-0 के समान अंतर से जीत दर्ज की। सिकंदर ने 48 किग्रा वर्ग में दिल्ली के हर्षित गहलोत को हराया।
योगेश ने 57 किग्रा वर्ग में कर्नाटक के वी आकाश को हारकर अगले दौर में जगह बनाई। हरियाणा के एक अन्य मुक्केबाज वंश भी कड़े मैच में 3-2 की जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाने में सफल रहे। वंश (50 किग्रा) को राजस्थान के मनीष गुर्जर के खिलाफ 3-2 की जीत दर्ज करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सेना के दिवाश कटारे ने 48 किग्रा वर्ग के एक अन्य मैच में केरल के अंजिन अनु थॉमस को हराया। कटारे के दबदबे को देखते हुए रैफरी को यह मैच पहले ही दौर में रोकना पड़ा। पंजाब के ईशविंदर सिंह (66 किग्रा) और साहिल जेठी (48 किग्रा) ने भी क्रमश: चंडीगढ़ के मंतेग सिंह और बंगाल के सोयम मलिक को 5-0 के समान अंतर से हराया।