Trending

क्वालीफ़ायर्स में पारुपल्ली कश्यप चोटिल, यूएस ओपन से बाहर

भारतीय शटलर पारुपल्ली कश्यप आयोवा के काउंसिल ब्लफ्स में आयोजित यूएस ओपन 2023 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वालीफ़ायर मैच में चोट लगाने के बाद मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने की होड़ से बाहर हो गए। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पारुपल्ली कश्यप पहला गेम 21-23 से हारे और दूसरे गेम वह 7-11 से पीछे थे।

2014 कॉमनवेल्थ गेम्स के पुरुष एकल चैंपियन और पूर्व विश्व नंबर छह पुरुष एकल खिलाड़ी ने अपने पहले मैच में कनाडा के रोहन मिधा को 21-19, 21-17 से हराया, जापान के विश्व नंबर 85 कू ताकाहाशी के ख़िलाफ़ उन्हें मैच के बीच से ही हटना पड़ा।

2022 विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी शंकर मुथुसामी दो क्वालीफ़ाइंग राउंड को पार करने के बाद यूएस ओपन 2023 के पुरुष एकल मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने में सफल रहे।

पुरुष एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 80वें स्थान पर मौजूद 19 वर्षीय शंकर मुथुसामी ने पहले क्वालीफ़ाइंग राउंड में दुनिया के 155वें नंबर के ब्राज़ील के डावी सिल्वा पर 21-17, 21-11 से जीत हासिल की। दूसरे क्वालीफ़ाइंग राउंड में शंकर मुथुसामी ने दुनिया के 139वें नंबर के खिलाड़ी कनाडा के बीआर संकीर्थ को 21-11, 21-17 से हराकर मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मुथुसामी बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 इवेंट के मुख्य ड्रॉ में दुनिया के 32वें नंबर के खिलाड़ी आयरलैंड के न्हाट गुयेन से भिड़ेंगे। पुरुष युगल में भारत के लिए एकमात्र चुनौती कृष्णा प्रसाद गरागा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला राउंड ऑफ़ 32 में हार के साथ बाहर हो गए।

युगल में 37वें स्थान पर काबिज़ भारतीय बैडमिंटन जोड़ी दुनिया की 59वें नंबर की चीनी ताइपे जोड़ी लिन यू चीह और सु ली वेई से 21-14, 21-14 से हार गई। महिला युगल में दुनिया की 192वें नंबर की अपेक्षा नायक और राम्या चिकमेनहल्ली वेंकटेश की जोड़ी, जेसलिन चाउ और एलियाना झांग के ख़िलाफ़ राउंड ऑफ़ 32 के मैच से पहले ही टूर्नामेंट से हट गई।