Trending

विंबलडन के सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच


लंदन : विंबलडन 2023 में सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच साल के तीसरे और कुल 24वें ग्रैंड स्लैम खिताब की ओर कदम बढ़ाते हुए इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली हैं। उन्होंने क्वाटर्रफाइनल में रूस के आंद्रे रुबलेव के खिलाफ पिछड़कर वापसी करते हुए 4-6, 6-1, 6-4, 6-3 से जीत दर्ज की।

जोकोविच अपना 46वां सेमीफाइनल खेलते हुए सर्वाधिक सेमीफाइनल खेलने में रोजर फेडरर के पुरुष एकल रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे। दूसरी तरफ 25 वर्षीय रूबलेव आठवीं बार प्रमुख क्वाटर्रफाइनल खेल रहे थे, लेकिन वह अब भी अपने पहले सेमीफाइनल की तलाश में हैं।

ओपन युग में किसी भी खिलाड़ी ने जीत के बिना इतने ग्रैंड स्लैम क्वाटर्रफाइनल नहीं खेले हैं। रुबलेव ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वाटर्रफाइनल में भी जोकोविच से भिड़े थे, जहां सर्बियाई खिलाड़ी ने जीत दर्ज की थी। फाइनल में जगह बनाने के लिए जोकोविच का मैच इटली के आठवीं वरीयता प्राप्त जैनिक सिनर से होगा। सिनर ने रूस के रोमन सफीउलिन को 6-4, 3-6, 6-2, 6-2 से हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में कदम रखा है।

जोकोविच ने रुबलेव के बारे में बोला, ‘मैंने जब ग्रैंड स्लैम में उनका सामना किया तो वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर थे। यह ऐसी चीज है जिसकी उनके जैसे खिलाड़ी से उम्मीद की जाती है। वह खेल के प्रति बहुत समर्पित हैं और हमेशा सुधार करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बिना किसी संदेह के उनके खेल में सुधार देख सकता हूं।

मुझे लगता है कि आज उसने बहुत बढि़या टेनिस खेला। वह बहुत दबाव डाल रहा था, बहुत तेज खेल रहा था। सिनर के साथ जोकोविच का सेमीफ़ाइनल मैच पिछले साल विंबलडन में इस जोड़ी के क्वाटर्रफ़ाइनल का रीमैच होगा जब जोकोविच ने दो सेटों से पिछड़ने के बाद 5-7, 2-6, 6-3, 6-2, 6-2 से जीत हासिल की थी।

उसके बाद से दोनों खिलाड़ी आमने-सामने नहीं आए हैं। सिनर ने बोला, ‘यह (सेमीफाइनल) मेरे लिये बहुत मायने रखता है। बहुत खुश हूं कि मैं अपना पहला सेमीफाइनल यहां इस विशेष जगह, एक विशेष सतह पर खेलने वाला हूं। देखते हैं कि आगे क्या होता है।

सिनर से हारने वाले सफीउलिन विंबलडन में डेब्यू कर रहे थे। उन्होंने अपने अभियान में कई आक्रामक प्रदर्शन किये और 2014 में विश्व नंबर 144 निक किर्गियोस के बाद क्वाटर्रफाइनल में पहुंचने वाले सबसे निचले रैंक वाले व्यक्ति बने।