संन्यास का जल्द ऐलान कर सकते है मेसी
नई दिल्ली : पेरिस सेंट-जर्मेन से अलग होने के बाद अब अमेरिका के इंटर मियामी क्लब के लिए अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी खेल रहे है। उन्होंने इंटर मियामी की तरफ से खेलने से पहले इंटरनेशनल रिटायरमेंट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बोला कि, वह जल्द ही अर्जेंटीना टीम से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने कोई निर्धारित तारीख नहीं बताई।
36 वर्षीय मेसी ने एक इंटरव्यू में बोला कि, वह अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं। जब मेसी से पूछा गया कि वह अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए कब खेलना बंद करेंगे तो उन्होंने बोला, ”ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि कब तक ऐसा होगा। मुझे लगता है कि जब होना होगा तब होगा।
हाल ही में सबकुछ हासिल करने के बाद सिर्फ लुत्फ उठाना बाकी रह गया है। ईश्वर जब चाहेगा वो पल आ जाएगा। तार्किक रूप से देखें तो मेरी उम्र के हिसाब से मुझे लगता है कि यह जल्द ही होगा। लेकिन मुझे नहीं पता कि सही समय क्या होगा।

बता दें कि मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने कतर में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप 2022 का खिताब अपने नाम किया था। मेसी ने बोला, ”मैं हर दिन के बारे में सोचता हूं। हर खूबसूरत चीज का आनंद लेता हूं। राष्ट्रीय टीम में हमें बहुत कठिन दौर से गुजरना पड़ा। हम भाग्यशाली रहे कि वर्ल्ड कप और कोपा अमेरिका चैंपियन बने। यह एंजॉय करने का समय है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं अपने करियर में उस फेज में हूं, जहां मैं अपने साथ होने वाली हर चीज एंजॉय करता हूं। मैं हर चीज को अधिक महत्व देता हूं क्योंकि मैं जानता हूं कि ये आखिरी साल हैं। हालांकि, मुझे लगता है कि जब मैं रिटायर हो जाऊंगा और नहीं खेलूंगा तो मैं इन सब चीजों की और भी कद्र करूंगा।