यूएस ओपन : पीवी सिंधु व लक्ष्य सेन आसान जीत से दूसरे दौर में
काउंसिल ब्लफ्स (अमेरिका): यूएस ओपन सुपर 300 टूर्नामेंट में दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने क्रमश: महिला और पुरुष वर्ग के पहले दौर में जीत हासिल की। सिंधु ने भारतीय मूल की अमेरिकी खिलाड़ी दीक्षा गुप्ता को 27 मिनट चले मैच में 21-15, 21-12 से हराया।
पुरुष एकल के एक अन्य मैच में एस एस सुब्रमण्यम ने पहले दौर में आयरलैंड के प्रतिद्वंद्वी नहाट एनगुएन को 44 मिनट में 21-11, 21-16 से हराया। बी साई प्रणीत को दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी लि शि फेंग से तीन गेम तक चले मैच में हार मिली। एक घंटे 14 मिनट तक चले मैच में चीन के दूसरे वरीय शि फेंग ने प्रणीत को 16-21, 21-14, 21-19 से मात दी।

21 साल के लक्ष्य ने फिनलैंड के काले कोलजोनेन को 30 मिनट के अंदर 21-8, 21-16 से हरा दिया। एक अन्य महिला एकल मैच में भारत की 61वीं रैंकिंग की रूतविका शिवानी को हार मिली। राष्ट्रमंडल खेल के पूर्व चैंपियन पी कश्यप अपने दूसरे मैच में रिटायर्ड हुए थे। उन्होंने पहले मैच में इंग्लैंड के रोहन मिधा को हराया था।
कृष्णा प्रसाद गारागा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला की पुरुष युगल जोड़ी भी पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सकी, उन्हें चीनी ताइपे के लिन यु चिए और सु लि वेई से सीधे गेम में 14-21, 14-21 से हार मिली।