विंबलडन के फाइनल में पहुंची मार्केटा वोंड्रोसोवा
चेक रिपब्लिक की मार्केटा वोंड्रोसोवा ने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को विंबलडन 2023 के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल मैच में 6-3, 6-3 से मात दी। वोंड्रोसोवा ने पहली बार विंबलडन के खिताबी मैच में अपनी जगह बना ली है। फाइनल में वोंड्रोसोवा का मैच अब ओन्स जाबेउर और आर्यना सबलेंका के बीच होने वाले सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
वोंड्रोसोवा ने क्वार्टर फाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री ली थी। उन्होंने 3 सेट तक चले मैच में 6-4, 2-6, 6-4 से जीत हासिल की थी।
पहले दौर में वोंड्रोसोवा ने पीटन स्टर्न्स को दूसरे दौरे में वेरोनिका कुडरमेतोवा और तीसरे दौर में डोना वेकिक के खिलाफ सीधे सेट पर जीत दर्ज की थी। राउंड ऑफ 16 में उन्होंने मैरी बौजकोवा के खिलाफ 2-6, 6-4, 6-3 से जीत दर्ज की।

एलिना स्वितोलिना ने शीर्ष वरीयता प्राप्त इगा स्विएटेक को क्वार्टर फाइनल में हराकर 2023 विंबलडन से बाहर कर दिया। उन्होंने 7-5, 6-7(5), 6-2 से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। स्वितोलिना ने पहले दौर में वीनस विलियम्स को 6-4, 6-3 से हराया था। दूसरे दौर में उन्होंने मर्टेंस को 6-1, 1-6, 6-1 से हराया।
तीसरे दौर में उन्होंने सोफिया केनिन और प्री क्वार्टर फाइनल में विक्टोरिया अजारेंका की चुनौती को पार किया था। वोंड्रोसोवा ने दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में अपनी जगह बनाई है। इससे पहले उन्होंने 2019 के फ्रेंच ओपन के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी, जहां उन्हें पूर्व विश्व नंबर एक एशले बार्टी से शिकस्त मिली थी।
सेमीफाइनल में चेक स्टार ने जोहाना कोंटा को सीधे सेटों में हराया था। मौजूदा टूर्नामेंट से पहले वोंड्रोसोवा को विंबलडन 2021 में सिर्फ 1 जीत मिली थी। ऑप्टा के मुताबिक, WTA रैंकिंग शुरू होने के बाद वोंड्रोसोवा (42वीं) विंबलडन फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी सबसे कम रैंक वाली खिलाड़ी हैं।
बता दें कि सेरेना विलियम्स 181वीं रैंक वाली महिला एकल खिलाड़ी होते हुए 2018 के फाइनल में पहुंचीं। इसके अलावा एन जोन्स, मार्टिना नवरातिलोवा और मोनिका सेलेस के बाद वोंड्रोसोवा ओपन एरा में विंबलडन और फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली चौथी बाएं हाथ की खिलाड़ी बनी हैं।