Trending

यूएस ओपन : सेमीफाइनल में हारे लक्ष्य सेन


काउंसिल ब्लफ्स (अमेरिका) : यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में चीन के ऑल इंग्लैंड चैंपियन ली शी फेंग से संघर्षपूर्ण मैच में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को हार का सामना करना पड़ा। विश्व में सातवें नंबर के खिलाड़ी फेंग और 12वीं रैंकिंग के सेन के बीच यह मुकाबला काफी करीबी रहा।

शुरुआती गेम में दोनों प्लेयर 17 अंकों तक बराबरी पर थे, बाद में चीन के खिलाड़ी ने आक्रामक रवैया दिखाया जबकि भारतीय खिलाड़ी ने कुछ गलतियां की। राष्ट्रमंडल खेल के स्वर्ण पदक विजेता और तीसरी वरीयता प्राप्त सेन दूसरी वरीयता प्राप्त फेंग के खिलाफ 17-21, 24-22, 17-21 से हारे।

शनिवार रात को खेला गया बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 टूर्नामेंट का यह मैच एक घंटे 16 मिनट तक चला। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता सेन ने दूसरे गेम में अच्छी वापसी की। पहले गेम की तरह दूसरे गेम में भी कड़ा मैच देखने को मिला। दोनों खिलाड़ियों ने लंबी रैलियां की और 22 अंक तक दोनों बराबरी पर थे।

लक्ष्य ने लगातार दो अंक बनाकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। तीसरा और निर्णायक गेम पहले गेम की पुनरावृति था। फेंग ने शुरू में बढ़त बनाई और इंटरवल तक वह 11-8 से आगे थे। सेन ने हार नहीं मानी और 17 अंकों तक स्वयं को मुकाबले में बनाए रखा। चीन के खिलाड़ी ने इसके बाद दबाव बनाया तथा मैच अपनी झोली में डाला।

सेन का फेंग के खिलाफ जीत हार का रिकॉर्ड 5-2 है। उन्होंने पिछले सप्ताह कनाडा ओपन में चीन के खिलाड़ी को 21-18, 22-20 से हराकर अपना दूसरा बीडब्ल्यूएफ सुपर 500 खिताब जीता था।