पहले वनडे में हारी भारतीय महिला टीम, बांग्लादेश टीम जीती
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम के बीच पहला वनडे खेला गया, जिसमें मेजबान टीम को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 40 रन से जीत मिली। महिला वनडे क्रिकेट इतिहास में यह पहला अवसर रहा, जब बांग्लादेश की टीम ने भारत को हराने में सफलता हासिल की।
बारिश से प्रभावित इस मैच को 50 ओवर की जगह 44 ओवर का किया गया था। भारतीय टीम को इस मैच में जीत के लिए अधिक बड़ा लक्ष्य नहीं मिला था, टीम इंडिया की बल्लेबाजी पूरी तरह से इस मैच में फ्लॉप रही और महिला टीम की कोई भी बल्लेबाज 20 रन से अधिक का स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।

भारत की ओर से ओपनर बल्लेबाज प्रिया पूनिया ने 10 रन, स्मृति मंधाना ने 11 रन की पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 5 रन बनाए, सबसे ज्यादा 20 रन दीप्ति शर्मा के बल्ले से निकले। अमनजीत कौर ने टीम के लिए 15 रन की पारी खेली, बांग्लादेश की तरफ से मारुफा अक्तर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच भी बनीं।
इस मैच में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारत की अच्छी गेंदबाजी के सामने यह टीम 43 ओवर में 152 रन पर ऑल आउट हुई। भारत को जीत के लिए 153 रन का टारगेट मिला था, बांग्लादेश के सामने भारत की बल्लेबाजी धराशाई हो गई और पूरी टीम 113 रन पर ऑलआउट हो गई।
बांग्लादेश की बात करें तो इस टीम की कप्तान निगार सुल्ताना ने सबसे अधिक 39 रन की पारी टीम के लिए खेली। इस टीम की ओर से फरजाना हक ने 27 रन की पारी खेली, सुल्ताना खातून ने 16 रन की पारी खेली। भारत की ओर से सबसे सफल गेंदबाज अमनजीत कौर रहीं जिन्होंने 4 विकेट लिए जबकि देविका वैद्य ने दो जबकि दीप्ति शर्मा ने एक सफलता हासिल की।