Trending

जर्मनी दौरा : भारतीय महिला हॉकी टीम की निराशाजनक शुरुआत


लिम्बर्ग (जर्मनी) : जर्मनी दौरे में भारतीय महिला हॉकी टीम की शुरुआत निराशाजनक रही जब टीम को चीन के खिलाफ 2-3 से हार मिली। रविवार रात हुए मैच में भारत के लिए नवनीत कौर ने 24वें और 45वें मिनट में गोल दागे। दोनों टीम ने पहले क्वार्टर में सतर्क शुरुआत की। भारत को तीसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, चीन की रक्षा पंक्ति ने इसे नाकाम किया।

चीन के लिए चेन जियाली (नौवें मिनट), झोंग जियाकी (45वें मिनट) और शू येनान (51वें मिनट) ने गोल किए। इसके कुछ मिनट बाद भारत ने फाउल करके विरोधी टीम को पेनल्टी स्ट्रोक का अवसर दिया।

चीन ने इसका फायदा उठाकर जियाली के गोल से नौवें मिनट में बढ़त ली। अगले कुछ मिनट में दोनों टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिले, कोई भी टीम इनका फायदा नहीं उठा सकी। भारत ने दूसरे क्वार्टर में सकारात्मक शुरुआत की। टीम को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, टीम इनको भुनाने में विफल रही।

नवनीत ने 24वें मिनट में मैदानी गोल दागकर भारत को बराबरी दिलाई। नवनीत ने 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे किया। चीन ने तुरंत बाद झोंग के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल से बराबरी हासिल की।

येनान ने 51वें मिनट में एक और गोल दागकर चीन को 3-2 से आगे किया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ। भारत मंगलवार और गुरुवार को अब जर्मनी से दो मैच खेलेगा।