Trending

विश्व जूनियर निशानेबाजी : अभिनव-गौतमी के नाम स्वर्ण पदक


नई दिल्ली : कोरिया के चांगवोन में आईएसएसएफ विश्व जूनियर निशानेबाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम में अभिनव साव और गौतमी भनोट ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने स्वर्ण पदक के मैच में ओशिएन मुलर और रोमेन औफ्रेरे की फ्रांसीसी जोड़ी को 17-13 से हराया।

अभिनव साव और गौतमी ने इससे पहले क्वालिफिकेशन में 627.4 अंक बनाकर 35 टीमों के बीच दूसरे स्थान पर रहकर स्वर्ण पदक का मैच खेलने का अधिकार हासिल किया था। ओशिएन मुलर और रोमेन औफ्रेरे की जोड़ी क्वालिफिकेशन में 632.4 अंक बनाकर शीर्ष पर थी।

भारतीय जोड़ी फाइनल में एक समय 0-4 से पीछे चल रही थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी की। भारत का प्रतियोगिता में यह तीसरा स्वर्ण पदक है जिससे वह पदक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसने एक रजत और दो कांस्य पदक भी जीते हैं।

चीन पदक तालिका में शीर्ष पर है। उसने भी भारत के बराबर ही स्वर्ण पदक जीते हैं लेकिन उसके नाम पर दो रजत पदक दर्ज हैं। भारत ने दूसरे दिन 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता।

अभिनव चौधरी और रविवार को एयर पिस्टल महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली सान्याम ने कांस्य पदक के मैच में कोरिया की किम जूरी और किम कांगह्युन 17-11 से हराया।