Trending

दबंग दिल्ली की जीत में हीरो रहे साथियान


पुणे। दिल्ली की टीम ने अल्टीमेट टेबल टेनिस सीजन के चौथे सीजन में पहली जीत दर्ज की है। दिल्ली ने एकतरफा अंदाज में बेंगलुरू स्मैशर्स को 10-5 के अंतर से हराया।

दिल्ली की इस जीत के नायक रहे स्टार भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी साथियान। साथियान अपने मैच में पहली सर्विस के साथ आक्रामक मूड में आ गए और अपने जबरदस्त फोरहैंड का अच्छा इस्तेमाल करते हुए पहला गेम 11-6 से जीता। किरिल ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की और अपने सटीक रिटर्न और तेज फोरहैंड के साथ इसे 11-4 से जीत लिया।

साथियान ने दबंग दिल्ली के लिए अपने मैच की विजयी शुरुआत की और बेंगलुरु स्मैशर्स के किरिल गेरासिमेंको को 2-1 से हराकर दो मूल्यवान टीम पॉइंट अपनी टीम को दिलाए। किरिल ने साथियान को अगले गेम में भी परेशानी में डाल दिया।

एशियाई खेल के कांस्य पदक विजेता साथियान ने शानदार वापसी करते हुए 11-9 से जीत दर्ज की और मैच अपने नाम किया।अयहिका मुखर्जी भी मैच के दूसरे टाई में विश्व नंबर 42 नतालिया बाजोर के खिलाफ आत्मविश्वास से भरी दिखीं और दबंग दिल्ली की बढ़त को मजबूत करने के लिए 2-1 से जीत हासिल की।

दुनिया की 135वें नंबर की खिलाड़ी ने नतालिया के खिलाफ अपने बैकहैंड से बेहद उम्दा और सटीक प्रदर्शन किया और पहला गेम 11-7 से जीता। दूसरे गेम में भी उसी रणनीति का उपयोग कर इसे 11-6 से जीत लिया। हालांकि, वह तीसरा गेम 7-11 से हार गई। इस तरह नतालिया ने बेंगलुरु स्मैशर्स को मैच में बनाए रखा।

मनिका ने किरिल गेरासिमेंको के साथ मिलकर तीसरे टाई में साथियान और बारबोरा बालाजोवा को 2-1 से हराकर स्मैशर्स को मैच में वापस ला दिया। मनिका और किरिल गेरासिमेंको की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल दिखाया और पहला गेम 11-4 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में भी वे अपने बेहतरीन लय में नजर आए और इसी की बदौलत उन्होंने इसे 11-6 से जीत लिया, तीसरा गेम वे 6-11 से हार गए।

जॉन पेरसन ने बिना अधिक पसीना बहाए सानिल शेट्टी को 3-0 से हराकर दिल्ली की जीत सुनिश्चित कर दी। स्वीडिश पैडलर शुरू से ही सानिल पर हावी रहे और पहला गेम 11-4 से अपने नाम किया और फिर दूसरा गेम 11-7 से जीता। तीसरे गेम में उन्हें 11-8 से जीत मिली और इस तरह दबंग दिल्ली टीटीसी ने मुकाबले में 8-4 की अजेय बढ़त ली।

टाई के आखिर में महिला एकल मैच में श्रीजा अकुला ने मनिका को 2-1 से हराकर दिल्ली फ्रेंचाइजी की शानदार जीत सुनिश्चित कर दी। एक टाई जीत चुकीं मनिका ने पहला गेम 11-9 से अपने नाम किया। श्रीजा ने शानदार वापसी की और अगला गेम गोल्डन प्वाइंट के जरिए जीत लिया। आखिरी गेम 11-8 से मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन के श्रीजा के नाम रहा।