Trending

एशियन गेम्स : चयन ट्रायल में विनेश को मिली छूट पर अंतिम पंघाल ने उठाये सवाल


नई दिल्ली : विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के लिए चयन ट्रायल से छूट देने पर मौजूदा अंडर 20 विश्व चैंपियन अंतिम पंघाल ने सवाल उठाते हुए बोला कि सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि कई अन्य भारतीय पहलवान 53 किलो वर्ग में विनेश को हराने में सक्षम हैं। हिसार की रहने वाली 19 वर्ष की पंघाल भी 53 किलो में उतरती हैं।

उन्होंने पूछा कि इतने समय से अभ्यास नहीं करने के बावजूद विनेश का चयन कैसे हुआ। सीनियर एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता पंघाल ने एक वीडियो में बोला, ”विनेश फोगाट को एशियाई खेल में सीधे प्रवेश मिलेगा, उसने पिछले एक साल से अभ्यास भी नहीं किया। पिछले एक साल में उसकी कोई उपलब्धि नहीं है।

विनेश (53 किलो) और बजरंग पूनिया (65 किलो) को भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति ने एशियन गेम्स में सीधे प्रवेश देने का फैसला किया, बाकी पहलवानों को 22 और 23 जुलाई को ट्रायल से गुजरना होगा। उन्होंने आगे कहा, ”पिछले वर्ष जूनियर विश्व चैंपियनशिप में मैंने स्वर्ण पदक जीता था और यह करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी।

एशियाई चैंपियनशिप 2023 में मैंने रजत पदक जीता, विनेश ने कुछ नहीं किया। वह चोटिल भी थी। पंघाल ने कहा, ”साक्षी मलिक ने ओलंपिक पदक जीता है, लेकिन उन्हें भी नहीं भेजा जा रहा।

विनेश में ऐसा क्या खास है जो उसे सीधे भेजा जा रहा है। ट्रायल कराइये। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि ऐसी कई लड़कियां हैं जो विनेश को हरा सकती हैं।