Trending

कोरिया ओपन : पहले दौर में हार के साथ सिंधु बाहर, प्रियांशु की जीत


येओसु (कोरिया) : कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के पहले दौर में चीनी ताइपे की पेई यू-पो के खिलाफ तीन गेम तक चले मैच में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु हार के साथ बाहर हो गई। दूसरे दौर में भारत के प्रियांशु राजावत ने जगह बनाई। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी चोइ जि हून को पुरूष एकल वर्ग में सीधे गेम में हराया।

विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर खिसकने वाली सिंधु दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी पेई यू-पो के खिलाफ महिला एकल के पहले दौर के मैच में 18-21 21-10 13-21 से हारी। यह मैच 58 मिनट चला।

दुनिया के 32वें नंबर के खिलाड़ी ओरलियंस मास्टर्स विजेता राजावत ने चोइ को 42 मिनट में 21-15 21-19 से हराया। अब उनका मैच शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान के कोडाइ नराओका से होगा। एन सिक्की रेड्डी और रोहन कपूर की मिश्रित युगल जोड़ी ने एल्विन मोराडा और एलिसा यसाबेल लियोनार्डो की फिलिपीन्स की जोड़ी के खिलाफ सीधे गेम में 21-17 21-17 की जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई।

यह भारतीय जोड़ी अगले दौर में फेंग यान झी और हुआंग डोंग पिंग की चीन की चौथी वरीय जोड़ी से भिड़ेगी। किरण जॉर्ज पहले दौर की बाधा पार नहीं कर सके और चीनी ताइपै के दुनिया के 29वें नंबर के खिलाड़ी वांग जू वेइ से 17-21 9-21 से हार गए।

आकर्षी कश्यप, तस्नीम मीर, मिथुन मंजूनाथ और अश्मिता चालिहा को भी पहले दौर में हार मिली जिससे शीर्ष प्लेयर्स और उनके बीच के स्तर में भारी अंतर का पता चलता है। आकर्षी को दुनिया की 20वें नंबर की चीन खिलाड़ी झेंग यी मान के खिलाफ 12-21 17-21 से शिकस्त मिली।

तस्नीम को कोरिया की दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी किम गा युन के खिलाफ 11-21 18-21 से हार झेलनी पड़ी। राष्ट्रीय चैंपियन मंजूनाथ के पास मलेशिया के दुनिया के 23वें नंबर के खिलाड़ी एनजी जे योंग का कोई जवाब नहीं था। मलेशियाई खिलाड़ी ने एकतरफा मैच में 21-11 21-4 से जीत हासिल की।

अश्मिता को भी ओलंपिक चैंपियन चेन यूई फेई के खिलाफ सीधे गेम में 13-21 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। बी सुमीत रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा को कोरिया के सोंग हयून चो और ली जुंग हयून की जोड़ी ने मिश्रित युगल के पहले दौर में 23-21, 13-21, 21-12 से हराया।

बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर छह स्तरों पर बंटा है जिनमें विश्व टूर फाइनल्स, सुपर 1000 चार, सुपर 750 छह , सुपर 500 सात और सुपर 300 स्तर के 11 टूर्नामेंट है। एक अन्य वर्ग बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 स्तर है जिससे रैंकिंग अंक मिलते हैं।