Trending

आईसीसी रैंकिंग : टॉप-10 में रोहित शर्मा, यशस्वी 73वें पायदान पर


आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में टॉप-10 में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा शामिल हो गए है। रोहित ने डोमिनिका में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में अपने करियर का 10वां शतक लगाया था। रोहित (10) अब बल्लेबाजी रैंकिंग में अपने हमवतन ऋषभ पंत (11वें) और विराट कोहली (14वें) से आगे है।

वहीं भारत के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले चौथे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी रैंकिंग में अब 73वें स्थान पर हैं।

रोहित ने पहले टेस्ट के दौरान अपना 10वां शतक मारा था। यह विदेश में उनका दूसरा टेस्ट शतक था। अपनी 103 रनों की पारी के दौरान रोहित ने कई दर्शनीय शॉट खेले थे। वह खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट में 3,500 रन का आंकड़ा पूरा करने वाले 20वें भारतीय बल्लेबाज बने थे।

उनकी और जायसवाल की शानदार पारियों से भारत ने मैच पारी और 141 रन से जीता था। डोमिनिका में डेब्यू मैच में शतकीय पारी खेलने वाले युवा यशस्वी जायसवाल भी इस लिस्ट में शामिल हुए है। रोहित सर्वोच्च रैंकिंग वाले भारतीय बल्लेबाज (आईसीसी टेस्ट रैंकिंग) बने, वह सूची में पंत (11वें) और कोहली (14वें) से आगे है।

रोहित पहले भी टॉप-10 में रह चुके है। विश्व क्रिकेट के अन्य बल्लेबाजों में न्यूजीलैंड के केन विलियमसन पहले नंबर पर है। दूसरे नंबर पर ट्रेविस हेड काबिज है। पाक के बाबर आजम तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ चौथे और मार्नस लाबुशेन पांचवें नंबर पर हैं।

पहले टेस्ट में रोहित के साथ ओपनिंग करने वाले जायसवाल ने 387 गेंदों में 171 रन बनाए थे। यह टेस्ट डेब्यू में भारत के सलामी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। जायसवाल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। 21 साल और 196 दिन की उम्र में जायसवाल भारत के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले चौथे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। वह वर्तमान बल्लेबाजी रैंकिंग में 73वें स्थान पर हैं।

भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में 12 विकेट लेकर उन्होंने शीर्ष पर अपनी बढ़त और बढ़ाया है। अश्विन ने दोनों पारियों में 5 विकेट लिए। उनके पास टेस्ट में 34 पांच विकेट हॉल जुड़ गए हैं, जो सक्रिय क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा हैं।

इसके अलावा पिछले मैच के दौरान अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 700 विकेट भी पूरे किए थे। टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में अश्विन के अलावा दो और भारतीय खिलाड़ी शीर्ष-10 में है। सातवें नंबर पर रविंद्र जडेजा है, 10वें नंबर पर जसप्रीत बुमराह हैं। बुमराह को एक स्थान का नुकसान हुआ है और जडेजा को तीन स्थान का फायदा।

रैंकिंग में शामिल अन्य प्लेयर्स में ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस दूसरे नंबर पर है। उनके बाद कगिसो रबाडा तीसरे, जेम्स एंडरसन चौथे, शाहीन अफरीदी पांचवें और स्टुअर्ट ब्रॉड छठे नंबर पर है। ऑलराउंडर्स की रैकिंग में शीर्ष 10 में 3 भारतीय प्लेयर्स का कब्जा है। पहले स्थान पर रविंद्र जडेजा और दूसरे स्थान पर रविचंद्रन अश्विन हैं। अक्षर पटेल पांचवें नंबर पर है।