एशिया कप का शेड्यूल जारी, 2 सितंबर को भारत-पाक होंगे आमने-सामने
नई दिल्ली : एशिया क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने एशिया कप 2023 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट का आगाज 30 अगस्त को होगा और फाइनल 17 सितंबर को होगा। कुल 13 मैच होंगे।
भारत की ग्रुप चरण में 2 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ंत होगी। यह मैच कैंडी में आयोजित होगा। भारत की 4 सितंबर को नेपाल से टक्कर होगी एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान के पास है।
बीसीसीआई सचिव और एसीसी प्रमुख जय शाह ने ट्विटर पर लिखा कि, मुझे बहुप्रतीक्षित मेन्स वनडे एशिया कप के शेड्यूल की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जो विभिन्न देशों को एक साथ जोड़ने वाली एकता और एकजुटता का प्रतीक है! आइए, क्रिकेट की उत्कृष्टता के जश्न में शामिल हों।
बताते चले कि एशिया कप में 6 टीम उतरेंगी। आगामी टूर्नामेंट की मेजबानी हाइब्रेड मॉडल के तहत होगी। पाकिस्तान में चार, श्रीलंका में फाइनल समेत 9 मैच होंगे। इस बार एशिया कप वनडे फॉर्मेट में होगा।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका के अलावा बांग्लादेश, अफगानिस्तान और नेपाल हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट का पहला मैच मुल्तान में होगा, जिसमें पाकिस्तान की नेपाल से टक्कर होगी। पाकिस्तान टीम तीन मैच लाहौर में खेलेगी। बांग्लादेश, श्रीलंका 31 अगस्त, अफगानिस्तान अपने अभियान का आगाज 3 सितंबर को करेगा।
बताते चले कि, बीसीसीआई और पीसीबी में एशिया कप को लेकर कई महीनों तक तनातनी देखने को मिली थी। पीसीबी चाहता था कि भारत मैच खेलने के लिए पाकिस्तान आए, बीसीसीआई ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वहां टीम भेजने से साफ मना किया।
पाकिस्तान बोर्ड अपनी मांग पर काफी समय तक अड़ा रहा। पीसीबी ने बीसीसीआई को वनडे वर्ल्ड कप 2023 का बायकॉट करने की धमकी भी दी, जिसका आयोजन अक्टूबर-नवंबर में भारत में होना है। बीसीसीआई ने अपना फैसला नहीं बदला।
एशिया कप शेड्यूल
ग्रुप स्टेज
30 अगस्त: पाकिस्तान बनाम नेपाल (मुल्तान)
31 अगस्त: बांग्लादेश बनाम श्रीलंका (कैंडी)
2 सितंबर: भारत बनाम पाकिस्तान (कैंडी)
3 सितंबर: बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान (लाहौर)
4 सितंबर: भारत बनाम नेपाल (कैंडी)
5 सितंबर: अफगानिस्तान बनाम श्रीलंका (लाहौर)
सुपर 4 स्टेज
6 सितंबर: A1 बनाम B2 (लाहौर)
9 सितंबर: B1 बनाम B2 (कोलंबो)
10 सितंबर: A1 बनाम A2 (कोलंबो)
12 सितंबर: A2 बनाम B1 (कोलंबो)
14 सितंबर: A1 बनाम B1 (कोलंबो)
15 सितंबर: A2 बनाम B2 (कोलंबो)
17 सितंबर: फाइनल (कोलंबो)