Trending

जर्मनी की जीत, भारत का खराब प्रदर्शन

रसेलशेम (जर्मनी) : जर्मनी के खिलाफ भारतीय महिला हॉकी टीम का खराब प्रदर्शन जारी रहा और उसे जर्मनी से 0-2 से हार मिली, जो उसकी वर्तमान दौरे में तीसरी हार है। भारतीय टीम अपने पिछले दो मुकाबलों में चीन (2-3) और जर्मनी (1-4) से हारी थी।

भारतीय टीम के जर्मनी दौरे के तीसरे और अंतिम मैच में मेजबान टीम की तरफ सेनाइक लोरेंज (52वें मिनट) और चार्लोट स्टेपनहॉर्स्ट (54वें मिनट) ने गोल किए।

भारतीय टीम का जर्मनी का यह दौरा आगामी एशियाई खेल की तैयारियों के सिलसिले में था। दौरे के तीसरे और अंतिम मैच में भारतीय टीम जर्मनी को तीसरे क्वार्टर तक गोल रहित बराबरी पर रोकने में कामयाब रही थी। चौथे क्वार्टर में कड़ा मैच देखने को मिला जिसमें जर्मनी ने आक्रामक रुख अपनाया।

भारत को इसके पिछले क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले थे, वहां उन्हें गोल में बदलने में नाकाम रहा। लोरेंज ने जर्मनी को मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई।

लोरेंज ने भारत के खिलाफ खेले गए पहले मैच में दो गोल किए थे। स्टेपनहॉर्स्ट ने इसके बाद मैदानी गोल करके जर्मनी की जीत सुनिश्चित की। भारतीय महिला हॉकी टीम को स्पेन का दौरा करना है जहां वह स्पेनिश हॉकी महासंघ के 100 साल पूरे होने पर आयोजित किए जाने वाले टूर्नामेंट में भाग लेगी।