Trending

सात्विक साईराज व चिराग शेट्टी कोरिया ओपन के अंतिम आठ में


येओसु (कोरिया) : कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में सात्विक साईराज रांकी रेडडी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अन्य भारतीयों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा।

इससे पहले एचएस प्रणय दूसरे दौर में हांगकांग के ली चेउक यियू से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुए। पांचवीं वरीयता प्राप्त और विश्व के 10वें नंबर के खिलाड़ी प्रणय को एक घंटे और छह मिनट तक चले कड़े मैच में अपने से आठ स्थान नीचे रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वी से 15-21, 21-19, 18-21 से हार मिली।

तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी ने दूसरे दौर में चीन के ही जी टिंग और झोऊ हाओ डोंग को 21-16, 21-17 से हरा दिया। अब उनका मैच होकी ताकुरो और कोबायाशी युगो की जापानी जोड़ी से होगा। पुरुष एकल के एक अन्य मैच में प्रियांशु राजावत ने दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी और शीर्ष वरीयता प्राप्त जापान के कोडाई नाराओका को कड़ी टक्कर दी।

आखिर में वह एक घंटे 22 मिनट तक चले दूसरे दौर के मैच में 14-21, 21-18, 17-21 से हारकर बाहर हो गए। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी दक्षिण कोरिया की ना हा बेक और ही सो ली की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को कोई चुनौती नहीं दे पाई और 33 मिनट चले दूसरे दौर के मैच में 11-21, 4-21 से हार गई।

मिश्रित युगल में रोहन कपूर और सिकी रेड्डी की जोड़ी भी चीन की झे यान फेंग और पिंग डोंग हुआंग की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से 35 मिनट में 15-21, 12-21 से हारकर बाहर हो गई। इससे पहले ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत पहले दौर में हारकर बाहर हुए थे।