टेस्ट चैंपियनशिप में रोहित ने किया ये कारनामा
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले सेशन में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये और तेजी से रन बनाये। रोहित ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। लंच तक भारत ने बिना विकेट गिरे 121 रन बनाए। रोहित 63 और जायसवाल 52 रन बनाकर क्रीज पर थे।
जायसवाल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने तूफानी अंदाज दिखाया और विंडीज गेंदबाजों को दबाव में लाते हुए बैकफुट पर धकेल दिया। दोनों ने मिलकर अर्धशतकीय भागीदारी की और आँखें जमने के बाद और तेज दिखे। रोहित की बल्लेबाजी अधिक तगड़ी रही।

वेस्टइंडीज के कप्तान क्रैग ब्रैथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि यह फैसला गलत साबित हो गया और भारतीय टीम के ओपनरों ने पिछले मैच की कहानी दोहरा दी।
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने नई गेंद पर रन बटोरे। रोहित शर्मा ने अपनी फिफ्टी पूरी की और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 रन पूरे किये। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। रोहित ने 53 के औसत के साथ ये रन बनाये हैं। पिछले मैच की तरह इस बार भी रोहित और जायसवाल ने मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की।
जायसवाल ने अपने तेवर दिखाए और 49 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। लंच तक रोहित शर्मा और जायसवाल खेल गए और वेस्टइंडीज को एक भी विकेट नहीं मिल पाया। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर धमाकेदार बैटिंग की।