Trending

विश्व कप ट्रॉफी का लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा भव्य स्वागत


लखनऊ : राजधानी में शुक्रवार को विश्वकप क्रिकेट की ट्रॉफी पहुंचेगी। अटल इकाना स्टेडियम पर इस ट्रॉफी के भव्य स्वागत होगा। यहां आयोजित होने वाले स्वागत समारोह में लखनऊ में होने वाले विश्वकप क्रिकेट के मुकाबलों को लेकर चर्चा होगी।

क्रिकेट प्रेमी ट्रॉफी के साथ सेल्फी भी ले सकेंगे। देश के नौ शहरों में वनडे वर्ल्डकप के मैच होंगे। इन सभी जगहों पर ट्रॉफी के प्रदर्शन के लिए ले जाये जाने की तैयारी हुई है। लखनऊ में भी विश्वकप क्रिकेट के पांच मैच होंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश रणजी टीम के प्लेयर सौरभ कुमार भी मौजूद होंगे।

इकाना के बाद शहर में यह ट्रॉफी क्रिकेट प्रेमियों के दीदार के लिए दो दिन एक प्रतिष्ठित मॉल में रखी जायेगी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सीईओ अंकित चटर्जी के मुताबिक़, भारत के नौ शहरों में प्रस्तावित विश्वकप की ट्रॉफी सभी आयोजन स्थलों तक जाएगी।

लखनऊ में विश्वकप ट्रॉफी तीन दिनों तक रहेगी। पहले दिन इसे इकाना स्टेडियम ले जाया जाएगा। यहां पर यूपी के रणजी क्रिकेटर सौरभ कुमार व शहर के अन्य प्लेयर्स की मौजूदगी में रखा जाएगा। दो दिन के लिए एक मॉल में प्रदर्शित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इकाना स्टेडियम में शुक्रवार शाम को होने वाले कार्यक्रम में उन मुकाबलों की तैयारियों पर चर्चा होगी, जो लखनऊ में खेले जाने हैं।

13 वर्ष बाद विश्वकप की ट्रॉफी लखनऊ आएगी। यह पहला अवसर होगा जब ट्रॉफी लखनऊ में प्रदर्शन के लिए आएगी। इससे पहले 14 अक्टूबर 2010 को विश्वकप ट्रॉफी को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लाया गया था। उस समय के तत्कालीन मेयर दिनेश शर्मा ने विश्वकप ट्रॉफी का स्वागत किया था।

साल 1983 विश्वकप विजेता टीम के मेंबर मदनलाल भी लखनऊ आए थे। उस टाइम ट्रॉफी को देखने के लिए बाबू स्टेडियम पर क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ पहुंची। बाबू स्टेडियम में शुभकामनाएं संदेश देने के लिए एक बैनर भी लगा था। क्रिकेट प्रेमियों ने इस बैनर पर शुभकामना संदेश लिखने के साथ ही अपनी भावनाएं भी जाहिर की थी।