Trending

इमर्जिंग एशिया कप : अजेय इंडिया-ए की पाक-ए से होगी खिताबी टक्कर


इंडिया-ए इमर्जिंग एशिया कप में अजेय रही है। टीम ने ग्रुप स्टेज में नेपाल, यूएई और पाकिस्तान को हराया। अब इमर्जिंग एशिया कप 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच होगा। दोनों टीमों के बीच मैच श्रीलंका में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दोपहर 2:00 बजे से खेला जाएगा।

टॉस दोपहर 1:30 बजे होगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी, पाकिस्तान को एकमात्र मैच में भारत के खिलाफ हारी थी।

इंडिया-ए ने ग्रुप स्टेज में नेपाल, यूएई और पाकिस्तान को हराया। भारत के कप्तान यश धुल टू्र्नामेंट के दूसरे टॉप स्कोरर हैं, उन्होंने 4 मैचों में 195 की औसत से 195 रन बनाए। वह टीम के टॉप स्कोरर भी है, उनके अलावा ओपनर साई सुदर्शन भी 4 मैचों में एक शतक और एक फिफ्टी लगा चुके है।

पाकिस्तान होम टीम श्रीलंका को सेमीफाइनल में 60 रन से हराकर फाइनल में पहुंची। भारत ने रोमांचक सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 51 रन से मात दी। गेंदबाजों में निशांत सिंधु टूर्नामेंट के टॉप विकेट टेकर है, उन्होंने 4 मैचों में 10 विकेट झटके। लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने इतने ही मैचों में 9 विकेट झटके है।

पाकिस्तान-ए ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 60 रन से हराया, टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 322 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। ग्रुप स्टेज में टीम ने नेपाल और यूएई को मात दी, भारत के खिलाफ 8 विकेट से हार मिली थी। टूर्नामेंट में पाकिस्तान-ए के कप्तान मोहम्मद हारिस ने 2 फिफ्टी से 130 रन बनाए है।

टीम का कोई भी गेंदबाज टॉप-10 विकेट टेकर में नहीं है। पाकिस्तान से कसीम अकरम ने 3 मैचों में 6 विकेट लिए है। ओमैर यूसुफ 4 मैचों में 148 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर है। इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए की टीमें इसी टूर्नामेंट में दूसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में दोनों का मैच खेला गया था।

कोलंबो में ही पाकिस्तान टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। राजवर्धन हंगरगेकर ने 5 विकेट लिए थे। 206 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम से निकिन जोश और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 99 रन की पार्टनरशिप की थी।

सुदर्शन ने 37वें ओवर में 2 लगातार छक्के मारकर अपना शतक पूरा करने के साथ टीम को 8 विकेट से जीत भी दिलाई थी।2013 में पहली बार इमर्जिंग एशिया खेला गया था। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान-ए को हराकर खिताब जीता था।

2017 और 2018 में श्रीलंका-ए ने पाकिस्तान-ए और भारत-ए को हराकर लगातार 2 बार खिताब जीता था। 2019 में पाकिस्तान-ए टीम चैंपियन बनी थी, अब 2023 में फिर से टूर्नामेंट आयोजित हुआ। आज खिताब जीतने वाली टीम दूसरी बार इमर्जिंग एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा करेगी।

रविवार को कोलंबो में तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हल्के बादल छाए रहेंगे, बारिश नहीं होगी। दोपहर में तेज धूप गिरने की आशंका है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टूर्नामेंट के 4 मैच खेले गए। चारों ही मैच लो-स्कोरिंग रहे।
दो बार पहले बल्लेबाजी और 2 बार चेज करने वाली टीमों ने मैच जीते। भारत ने यहां तीन मैच खेले और तीनों जीते।

एक मैच श्रीलंका-ओमान के बीच भी हुआ, श्रीलंका ने पहली पारी में 259 रन बनाकर 217 रन से मैच जीता था। भारत ने इस मैदान पर सेमीफाइनल भी पहले बैटिंग कर ही जीता था, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग करना ही पसंद करेगी।

इंडिया-ए: यश धुल (कप्तान), साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा, निकिन जोश, रियान पराग, निशांत सिंधु, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, हर्षित राणा/आकाश सिंह, युवराजसिंह डोडिया और राजवर्धन हंगरगेकर

पाकिस्तान-ए: मोहम्मद हारिस (कप्तान और विकेटकीपर), सैम अय्युब, तैय्यब ताहिर, साहिबजादा फरहान, ओमैर बिन यूसुफ, कसीम अकरम, मुबासिर खान, अमाद बट, मोहम्मद वसीम जूनियर, अरशद इकबाल और सुफियान मुकीम