Trending

डेलिबोर सिवरसिना को हारकर नागल बने टाम्पेरे ओपन के विजेता


टाम्पेरे (फिनलैंड) : चेक गणराज्य के डेलिबोर सिवरसिना को सीधे गेम में मात देकर भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने टाम्पेरे ओपन का खिताब अपने नाम किया है। नागल ने सिवरसिना को 6-4, 7-5 से हराया।

नागल की शुरुआत खराब रही। उन्होंने अपना पहली सर्विस गंवा दी और वह 0-3 और 1-4 से पिछड़ रहे थे। इसके बाद शानदार वापसी की और चेक गणराज्य के खिलाड़ी की सर्विस को तीन बार तोडा। बेसलाइन से दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने पहला सेट 6-4 से जीता।

नागल का पांच मुकाबलों में चौथा एटीपी चैलेंजर खिताब है। यह उनका वर्ष का दूसरा खिताब है। वह इससे पहले अप्रैल में रोम में गार्डन ओपन चैंपियन बने थे। नागल इस लय को दूसरे सेट के शुरुआत में बरकरार रखने में कामयाब रहे। उन्होंने सिवरसिना की सर्विस को तोड़कर 4-1 की बढ़त ली।

पांचवीं वरीयता प्राप्त सिवरसिना ने इसके बाद वापसी की और स्कोर 3-5 और फिर 5-5 किया। नागल ने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए सिवरसिना की सर्विस तोड 6-5 की बढ़त बनायी और आखिरी सेट को जीत कर एक घंटे 44 मिनट तक चले मैच को जीता ।