Trending

एमर्जिंग एशिया कप की चैंपियन बनी पाक ए टीम


कोलंबो : पाकिस्तान ए ने तैयब ताहिर की 108 रन की पारी के बाद स्पिनर सूफियान मुकीम (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन से एमर्जिंग एशिया कप वनडे के फाइनल में भारत ए को 128 रन से हारकर खिताब अपने नाम किया।

भारत ए के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 51 गेंद में पांच चौके और एक छक्के से 61 रन बनाये। साई सुदर्शन (28 गेंद में 29 रन) और कप्तान यश धुल (41 गेंद में 39 रन) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में विफल रहे।

गत विजेता पाकिस्तान ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 352 रन बनाने के बाद भारतीय पारी 40 ओवर में 224 रन पर ऑलआउट हो गई।

पाकिस्तान ए के लिए सूफियान ने 10 ओवर में 66 रन देकर तीन विकेट झटके जिसमें अभिषेक और धुल का विकेट भी है। टीम के लिए अरशद इकबाल, मेहरान मुमताज और मोहम्मद वसीम ने दो-दो, मुबासिर खान ने एक विकेट चटकाया।

पाकिस्तान ए के लिए ताहिर ने 71 गेंद की पारी में 12 चौके और चार छक्के मारे। उन्होंने छठे विकेट के लिए मुबासिर खान (47 गेंद में 35 रन) के साथ 126 रन की पार्टनरशिप करके टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी लय में चल रहे सुदर्शन और अभिषेक ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में ही टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण में नाबाद शतक मारने वाले सुदर्शन को नौवें ओवर में अरशद ने आउट करके पहले विकेट के लिए 64 रन की पार्टनरशिप को तोड़ा।

इस विकेट के बाद भारतीय ए के रनों पर अंकुश लगा और 13वें ओवर में निकिन जोस (15 गेंद में 11 रन) अंपायर के खराब फैसले से पगबाधा हो गए। वसीम की गेंद उनके कमर के पास लगी थी लेकिन अंपायर ने इसे पगबाधा करार दिया। अभिषेक और कप्तान यश धुल ने चतुराई से बल्लेबाजी करते हुए 16वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा कर लिया।

इसी ओवर में अभिषेक ने सूफियान मुकीम की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। धुल ने इस गेंदबाज के खिलाफ 18वें ओवर में दो चौके जड़ दबाव कम किया। अभिषेक 20वें ओवर में छक्का मारने के बाद आउट हुए। उन्होंने 51 गेंद की पारी में पांच चौका और एक छक्का लगाया।

जरूरी रन गति को कम करने का दबाव भारतीय बल्लेबाजों पर हावी हो रहा था और टीम ने 25वें और 26 वें ओवर में दो रन के अंदर निशांत सिंधू (10 रन) और धुल के विकेट गंवा दिये। ध्रुव जुरेल (12 गेंद में नौ) और रियान पराग (17 गेंद में 24 रन) को मुमताज ने आउट करके भारत की उम्मीदें तोड़ दी।

हर्षित राणा (14) ने नौ गेंद की पारी में दो छक्के जड़ कर रोमांच को थोड़ा बढ़ाया, वह सूफियान का तीसरा शिकार बन गये जिससे 32वें ओवर में टीम का स्कोर आठ विकेट पर 194 रन हो गया। आखिरी के दो विकेट ने 46 रन जोड़कर पाक के जीत का इंतजार को बढ़ाया।

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सईम अयूब (51 गेंद में 59 रन) और साहिबजादा फरहान (62 गेंद में 65 रन) ने 121 रन की पार्टनरशिप करके पाक को अच्छी शुरुआत दिलाई।

दोनों ने पारी के पहले ओवर से ही आक्रामक रूख अपनाया और भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन जुटाये। इस पार्टनरशिप को 18वें ओवर में मानव सुथार ने अयूब को विकेट के पीछे जुरेल के हाथों लपकवा कर तोड़ा।

अयूब ने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े। अपनी पारी में चार चौके और इतने ही छक्के लगाने वाले फरहान कप्तान धुल की शानदार थ्रो पर रन आउट हुए। ओमर यूसुफ (35 गेंद में 35 रन) और ताहिर ने रन गति कम किये बिना पारी को आगे बढ़ाया। रियान ने लगातार गेंदों पर यूसुफ और कासिम अकरम (शून्य) को आउट करके मैच में भारत की वापसी करायी।

निशांत ने कप्तान मोहम्मद हारिस (दो रन) को पगबाधा किया जिससे पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 183 रन से पांच विकेट पर 187 रन हो गया। ताहिर को मुबासिर का अच्छा साथ मिला।

मुबासिर जहां संभल कर खेल रहे थे, ताहिर दूसरे छोर से आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। इस पार्टनरशिप को 45वें ओवर में तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर ने ताहिर को आउट करके तोड़ा। उन्होंने इसके बाद अपने अगले ओवर में मुबासिर को भी आउट किया।

आखिरी ओवरों में वसीम ने 10 गेंद में नाबाद 17 रन बनाकर टीम के स्कोर को 350 के पार पहुंचाया। भारत की तरफ से हंगरगेकर और रियान ने दो-दो, हर्षित , सुथार और सिंधू ने एक-एक विकेट चटकाये।