एशियाड : भेजा गया बजरंग-विनेश का नाम, रवि दहिया नहीं बना सके जगह
बजरंग और विनेश का नाम हांगझोऊ एशियाई खेल की कुश्ती टीम के लिए भेजा गया है। इन दोनों के भार में हुए ट्रायल में जीतने वाले विशाल कालीरमण (65) और अंतिम पंघाल (53) की एंट्री बतौर स्टैंडबाई भेजी गई है।
आईजी स्टेडियम में हुए एशियाड के ट्रायल में बड़ा उलटफेर टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया (57) की हार के रूप में हुआ। इस हार के साथ वो एशियाड टीम से बाहर हो गए है। ट्रायल में 57 भार वर्ग में कड़ा मैच हुआ। रवि कुमार को पहली ही बाउट में महाराष्ट्र के आतिश तोडकर 8-20 के स्कोर पर चित कर दिया।

रवि पिछले कुछ समय से चोटिल चल रहे है। वह तीसरे अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट में भी नहीं खेले थे। इस भार में राष्ट्रमंडल खेल के स्वर्ण पदक विजेता राहुल अवारे को भी हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति की तरफ से एशियाड के दो दिवसीय ट्रायल सफलतापूर्वक कराए जाने के बाद रविवार को ही पुरुष फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन, महिला वर्ग के 18 भार वर्गों की एंट्री भेज दी गई। बजरंग-विनेश को समिति ने एशियाड की टीम में सीधे प्रवेश दिया था, समिति ने सभी 18 भार वर्ग में स्टैंडबाय पहलवानों के नाम भी भेजे है।
बजरंग-विनेश के भार को छोड़ 16 भार वर्गों में ट्रायल में दूसरे स्थान पर रहे पहलवानों के नाम भेजे गए है। टीम में शामिल पहलवानों किसी कारणवश एशियाड में खेलने नहीं जाते है तो उनकी जगह स्टैंडबाय को मौका मिल सकता है। एशियाई चैंपियन अमन सेहरावत ने फाइनल में राहुल को आसानी से हराया। सेमीफाइनल में अमन ने शुभम को कड़े संघर्ष में हराया।
अमन ने बोला कि वह पहले शुभम से तीन बार हार चुके थे, इस बार वह मौका नहीं छोडऩा चाहते थे। रवि की हार से अमन को भी हैरानी हुई। बजरंग के भार में विशाल कालीरमण ने फाइनल में रोहित को आसानी से हराया। बजरंग-विनेश को टीम में सीधे शामिल किए जाने पर अदालत गए सुजीत को हार का सामना करना पड़ा।
74 भार वर्ग में दिल्ली के यश ने राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक विजेता नवीन, 86 में टोक्यो ओलंपियन दीपक पूनिया ने यूपी के जोंटी कुमार को 5-3 से, 97 में हरियाणा के विक्की ने गौरव बालियान और 125 भार वर्ग में हरियाणा के सुमित ने आशीष को हराकर एशियाड टीम में जगह बनाई। जोंटी ने दीपक को कड़ी टक्कर दी। 3-4 के स्कोर पर उन्होंने फैसले को चैलेंज किया, जो उनके खिलाफ गया, जिससे वह 3-5 के अंतर से हार गए।