महिला फुटबॉल विश्व कप : जमैका टीम को हासिल हुआ अंक
सिडनी। महिला फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप-एफ के मैच में दुनिया की 43वीं रैंकिंग की टीम जमैका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते विश्व की पांचवें नंबर की टीम फ्रांस को गोलरहित ड्रॉ पर रोका।
पिछले साल यूरोपियन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल तक का सफर करने वाली फ्रांस की टीम की खिलाड़ी एक-दूसरे को अच्छे से पास नहीं दे पाई जिसके कारण उन्हें गोल करने में परेशानी हुई। स्टेफनी वान डर ग्राट के गोल से नीदरलैंड्स ने महिला फुटबॉल विश्व कप में पुर्तगाल को 1-0 से हरा दिया।
स्टेफनी ने 13वें मिनट में हेडर से गोल किया। 30 वर्षीय इस खिलाड़ी का यह टूर्नामेंट का सबसे तेज गोल था। स्टेफनी की योजना विश्व कप के बाद संन्यास लेने की है। ग्रुप-ई में नीदरलैंड्स का मैच गुरुवार को वेलिंगटन में अमेरिका से होगा। पुर्तगाल की टीम वियतनाम से भिड़ेगी। जमैका टीम को इस टूर्नामेंट में पहली बार कोई अंक मिला है।

जमैका ने विश्व कप में 2019 में डेब्यू किया था और तब उसे तीन मैचों में हार मिली थी। वह अपने ग्रुप में एक अंक लेकर दूसरे स्थान पर है, फ्रांस शीर्ष पर है। जमैका टीम को 42वें मिनट में गोल करने का मौका मिला, वे फायदा नहीं उठा पाई। अमांडा इलेस्टेड के 89वें मिनट में दागे गए गोल से स्वीडन ने महिला फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप-जी के मैच में दक्षिण अफ्रीका पर 2-1 से जीत हासिल की।
इससे दक्षिण अफ्रीका की टूर्नामेंट में पहला बड़ा उलटफेर करने की उम्मीदों पर पानी फिर गया। दक्षिण अफ्रीका ने हिल्दाह मिगाला के 48वें मिनट में गोल से बढ़त बनाई थी जिससे स्वीडन की टीम दबाव में आ गई थी।
स्वीडन ने 64वें मिनट में फ्राइडोलिना रोल्फो के गोल से 1-1 से बराबरी की। मैच खत्म होने में महज एक मिनट का समय बचा था और फिर अमांडा ने कॉर्नर पर हेडर से गोल कर स्वीडन की जीत पक्की कर दी।