जापान ओपन : शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी सात्विक-चिराग की जोड़ी
नई दिल्ली: कोरिया ओपन में पुरुष युगल में खिताब जीतने वाले सात्विकसाइराज और चिराग की जोड़ी इस वर्ष के अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखना चाहेगी, पीवी सिंधु और एचएस प्रणय शुरू हो रहे जापान ओपन 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट से अपनी पुरानी लय हासिल करने की कोशिश करेंगे। भारतीय जोड़ी की लगातार 10वीं जीत थी।
यह जोड़ी इस वर्ष स्विस ओपन, एशियन चैंपियनशिप और इंडोनेशिया ओपन जीतकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में है। तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी जापान ओपन में अपने अभियान का आगाज इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो एवं डेनियल मार्थिन की जोड़ी के खिलाफ करेगी।

राष्ट्रमंडल खेल के विजेता सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने कोरिया ओपन के पुरुष युगल फाइनल में फजर अल्फियान और मोहम्मद रियान आर्दियांतो की इंडोनेशिया की शीर्ष वरीय जोड़ी पर 17-21 21-13 21-14 की जीत हासिल की थी। पेरिस ओलंपिक से एक वर्ष पहले भारतीय बैडमिंटन जगत में सबसे ज्यादा चिंता की बात सिंधु के लचर फॉर्म पर है।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व विश्व चैंपियन चोट से उबरने के बाद अपने पुराने रंग में वापसी नहीं कर पाई है। वह इस साल 12 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर स्पर्धाओं में से छह में पहले दौर में बाहर होने के बाद वह विश्व रैंकिंग में 17वें नंबर पर आ गई है। वह पिछले सप्ताह अपने नए कोच मोहम्मद हाफिज की देख रेख में कोरिया ओपन के पहले दौर में निचली रैंकिंग वाली पाई यू-पो से हारी थी।
सिंधु शुरुआती दौर में झांग यी मैन के खिलाफ मैदान में उतरेंगी तो उन्हें अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। चीन की इस खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु की जीत-हार का रिकॉर्ड 2-2 है। सिंधु ने 20वीं रैंकिंग पर काबिज झांग को मलेशिया ओपन में हराया था। मलेशिया मास्टर्स का खिताब इस साल मई में जीतने वाले प्रणय भारत के शीर्ष रैंकिंग के एकल खिलाड़ी है।
पिछले कुछ टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के बाद उनकी रैंकिंग में गिरावट आई है और वह 10वें स्थान पर आ गए है। आठवीं वरीयता प्राप्त प्रणय अपने अभियान का आगाज चीन के गैरवरीय खिलाड़ी ली शी फेंग के खिलाफ करेंगे। विश्व रैंकिंग के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत चीनी ताइपे के चोउ तियेन चान के खिलाफ पहले दौर का मैच खेलेंगे।
दोनों भारतीय खिलाड़ी अगर अपने शुरूआती मुकाबलों को जीतने में सफल रहे तो दूसरे दौर में एक-दूसरे का सामना करेंगे। कनाडा ओपन के विजेता लक्ष्य सेन भी इस टूर्नामेंट से खेल में लौटेंगे। उन्होंने कोरिया ओपन से विश्राम लिया था। शुरुआती दौर में उनके सामने हमवतन प्रियांशु राजावत की चुनौती होगी।
महिला एकल के शुरुआती दौर में मालविका बंसोड़ का मैच स्थानीय खिलाड़ी अया ओहोरी से होगा, आकर्षी कश्यप का मैच शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची से होगा। पुरुष युगल में एमआर अर्जुन एवं ध्रुव कपिला, महिला युगल में राष्ट्रमंडल खेल की कांस्य पदक विजेता तृषा जॉली एवं गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी यहां चुनौती पेश करेगी।