कप्तान हरमनप्रीत कौर दो मैचों के लिए बैन, महिला क्रिकेट टीम भुगतेगी खामियाजा
आईसीसी की तरफ से भारतीय महिला कप्तान हरमनप्रीत कौर को बुरे बर्ताव के लिए सजा मिल गई है। पिछले तीन दिनों से हरमनप्रीत कौर का विवाद बढ़ता जा रहा था। आईसीसी की ओर से हरमनप्रीत कौर पर जहां दो अलग-अलग मामलों में मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। चार डिमेरिट अंक मिलने की वजह से उनके ऊपर बैन भी लग गया है।
आईसीसी के नियम के तहत चार डिमेरिट अंक मिलने पर कम से कम एक टेस्ट या दो वनडे या दो टी20 का बैन लगता है। जो भी टीम को पहले खेलना होता है यह बैन उस पर लागू होता है। तय कार्यक्रम के मुताबिक़, भारतीय महिला टीम 18 सितंबर से चीन के हांगझोउ में होने वाले एशियन गेम्स में खेलेगी।
टीम इंडिया को सीधे क्वार्टरफाइनल खेलना है। यानी क्वार्टरफाइनल और अगर सेमीफाइनल में गई टीम इंडिया तो इन दो मैचों से हरमनप्रीत कौर बाहर रहेंगी। अगर भारतीय महिला टीम फाइनल में पहुंचती है तो सीधे फाइनल में ही हरमनप्रीत कौर नजर आएगी।

आईसीसी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर से पोस्ट करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। इसके अनुसार, हरमनप्रीत कौर को आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.8 का दोषी पाया गया। हरमनप्रीत ने आउट होने के बाद स्टंप पर बैट मारा था जिसके लिए उन्हें लेवल 2 का दोषी पाते हुए उनके ऊपर 50 प्रतिशत मैच फीस का फाइन लगा और तीन डिमेरिट अंक मिले।
इसके अलावा पब्लिकली अंपायर्स का विरोध करने के लिए लेवल 1 के तहत उनके ऊपर 25 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना और एक डिमेरिट अंक मिला। यानी कुल उनकी मैच फीस 75 फीसदी जुर्माना और चार डिमेरिट अंक यानी दो इंटरनेशनल मैचों का बैन लगाया गया है।
एशियन गेम्स (भारतीय महिला टीम)
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, देविका वैद्य, अंजली सर्वाणी, तितास साधु, राजेश्वरी गायकवाड़, मिनू मानी, कनिका आहूजा, उमा छेत्री, अनुषा बरेड्डी