अल्टीमेट टेबल टेनिस : बेंगलुरु स्मैशर्स की मनिका बत्रा का शानदार प्रदर्शन जारी
पुणे: भारत के सर्वोच्च रैंकिंग वाली महिला टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा ने महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जारी इंडियन ऑयल अल्टीमेट टेबल टेनिस के चौथे सीजन में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।
मनिका ने हाल ही में वर्ल्ड नंबर 28 लिली झांग को हराने वाली टी रीथ रिशिया को हराया। मनिका ने गोवा चैलेंजर्स की रीथ को 3-0 से हराकर बेंगलुरु स्मैशर्स के लिए सीजन 4 में अपनी चौथी एकल जीत दर्ज की। भारत के सर्वोच्च रैंक वाली पैडलर पहले सर्व से ही आक्रामक मोड में आ गईं और जल्द ही बड़ी लीड ले ली।
इसके बाद उन्होंने सटीक बैकहैंड से पहला गेम 11-4 से अपने नाम किया। मनिका ने अपनी शानदार पहुंच और आक्रामक पावर का इस्तेमाल करते हुए दूसरा गेम 11-5 से जीत लिया और फिर अपनी गति को आगे बढ़ाते हुए तीसरे गेम में भी 11-7 से जीत हासिल की।

इससे पहले, बेंगलुरु स्मैशर्स के किरिल गेरासिमेंको ने विश्व चैंपियनशिप के पूर्व रजत पदक विजेता अल्वारो रोबल्स को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। रोबल्स ने पहले गेम की शानदार शुरुआत की और बेहतरीन सटीकता के साथ इसे 11-3 से जीत लिया।
इसके बाद हालांकि कजाकिस्तान के खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की और दूसरा गेम 11-8 से जीतकर मैच को निर्णायक गेम में धकेल दिया। तीसरे गेम में किरिल अपने सर्वश्रेष्ठ फार्म में थे। उन्होंने निर्णायक गेम में जबरदस्त फोरहैंड के साथ बाजी मारी और मैच अपने नाम कर लिया।
दाफा न्यूज द्वारा संचालित यूटीटी सीजन 4 के सभी मुकाबलों का शाम 7.30 बजे स्पोर्ट्स 18 पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। साथ ही जियो सिनेमा पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग भी हो रही है। इसके टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध हैं।