जापान ओपन : उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में सिंधु नाकाम, सात्विक-चिराग जीते
टोक्यो : जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में चीन की झेंग यी मान के खिलाफ सीधे गेम में हार के साथ दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु इस टूर्नामेंट के पहले दौर से बाहर हो गई।
चोट के बाद वापसी करते हुए सिंधु उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में नाकाम रही है और विश्व रैंकिंग में भी 17वें स्थान पर आ गई है। सिंधु लगातार गलतियां कर रही है और कम रैंकिंग वाली प्लेयर्स के खिलाफ भी उन्हें महत्वपूर्ण टाइम पर अंक हासिल करने के लिए जूझना पड़ रहा है।

सिंधु को चीन की खिलाड़ी के खिलाफ 32 मिनट में 12-21 13-21 से हार मिली। इस भारतीय खिलाड़ी को इस वर्ष 13 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर टूर्नामेंटों में सातवीं बार पहले दौर में हार मिली है। सिंधु ने हाल ही में 2003 के ऑल इंग्लैंड चैंपियन मोहम्मद हाफिज हशीम के मार्गदर्शन में खेलना शुरू किया है और उन्हें उम्मीद है कि उनके प्रदर्शन में सुधार होगा।
सिंधु ने दुनिया की 18वें नंबर की खिलाड़ी झेंग को इस वर्ष मई में मलेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में मात दी थी, चीन की खिलाड़ी से जापान ओपन में इस हार का बदला चुकता कर लिया। झेंग की सिंधू के खिलाफ पांच मैच में यह तीसरी जीत है, दो बार उन्हें हार मिली है। सिंधु जहां फॉर्म हासिल करने के लिए जूझ रही है

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी शानदार फॉर्म में है। इस पुरुष युगल जोड़ी ने पहले दौर में लियो रोली कर्नांडो और डेनियल मार्टिन की इंडोनेशिया की जोड़ी को तीन गेम में 21-16 11-21 21-13 से मात देकर दूसरे दौर में जगह बना ली।
रविवार को कोरिया ओपन का खिताब जीतने वाली सात्विक और चिराग की तीसरी वरीय जोड़ी अगले दौर में येपे बे और लेसी मोहेडे की डेनमार्क की जोड़ी से भिड़ेगी।
लक्ष्य सेन ने भी इस बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूर्नामेंट के पहले दौर में हमवतन प्रियांशु राजावत को तीन गेम चले कड़े मैच में 21-15 12-21 24-22 से हराया। वह दूसरे दौर में जापान के केंता सुनेयामा से भिड़ेंगे।
मिथुन मंजूनाथ को पहले दौर में चीन के वेंग होंग येंग के खिलाफ पहला गेम जीतने के बावजदू एक घंटा और 25 मिनट में 21-13 22-24 18-21 से हार मिली।