Trending

सरकारी नौकरियों में युवा कल्याण खेलकूद के पदक विजेताओं को भी मिलेगा मौका


वाराणसी। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सरकारी नौकरियों में युवा कल्याण विभाग का स्टेट लेवल खेलकूद प्रतियोगिता में पदक प्राप्त विजेताओं को अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में खेलकूद का मैदान का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव बुधवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग जनपद के हरहुआ विकासखंड कार्यालय सभागार में गत वर्ष 2022–23 में चयनित 72 युवक मंगल दल एवं 72 महिला मंगल दल को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री किट उपलब्ध कराने के पश्चात लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने मंगल दल के कार्य के बारे में बताते हुए कहा कि प्राप्त खेल सामग्रियों का उपयोग ग्राम पंचायतों में निर्मित खेल मैदान में खिलाड़ियों की तैयारी के लिए किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में खेलकूद का मैदान नहीं है, वहां प्राथमिक विद्यालय उच्च प्राथमिक विद्यालय इंटर कॉलेज डिग्री कॉलेज के मैदानों पर युवाओं द्वारा उपयोग किया जाए।

साथ ही भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का कार्य मंगल दल करेगी। इससे बड़ी समाज सेवा कोई नहीं है। यह भी अवगत कराएं कि सरकारी नौकरियों में युवा कल्याण विभाग का स्टेट लेवल खेलकूद प्रतियोगिता में पदक प्राप्त विजेताओं को अवसर दिया जाएगा।

प्रत्येक ग्राम पंचायतों में खेलकूद का मैदान का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया एवं मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत निर्मित स्टेडियमो में बीपीएड धारको को रखा जायेगा।

चयनित मंगल दल को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री किट मे प्रत्येक युवक मंगल दल को 05 वालीबाल, 01 वालीबॉल नेट, 01 एयर पंप, 05 फुटबॉल, 01 फिटनेस ट्यूब तथा प्रत्येक महिला मंगल दल को 05 वालीबाल, 01 वालीवाल ने, 01 एयर पंप, 05 फुटबॉल, 03 स्किपिंग रोप का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हंसराज विश्वकर्मा सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश/जिला अध्यक्ष भाजपा, सुरेंद्र नारायण सिंह पूर्व विधायक, केदारनाथ पूर्व विधान परिषद सदस्य, विनोद कुमार उपाध्याय उर्फ बबलू ब्लाक प्रमुख हरहुआ, अभिषेक सिंह चंचल ब्लाक प्रमुख चिरईगांव, आरपी सिंह क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, दीपांकर आर्य खंड विकास अधिकारी हरहुआ उपस्थित रहे।

खेल विभाग के निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए : गिरीश चंद्र यादव

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने वाराणसी में खेल विभाग के गतिमान तथा प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के प्रगति की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

खेल मंत्री ने गतिमान परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की

उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि परियोजनाओं को प्रत्येक दशा में निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति की स्थानीय स्तर पर भी समीक्षा किए जाने पर विशेष जोर दिया।

खेल मंत्री ने सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराए जा रहे कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया

बैठक के दौरान नगर आयुक्त शिपू गिरी ने स्मार्ट सिटी द्वारा सिगरा स्टेडियम में हो रहे निर्माण के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि फेज-1 के 80 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं, जिनको अक्तूबर माह तक पूरा करा लिया जायेगा।

जबकि फेज-2 व 3 के कार्य मार्च, 2024 तक पूरा होंगे। खेल सचिव सुहास एल वाई द्वारा सिगरा स्टेडियम में फेज-1 के तहत बन रहे मल्टीपरपज हाल के डिजाइन में कुछ बदलाव करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को अंतराष्ट्रीय स्तरीय मानक के अनुरूप बनाया जाये।

उन्होंने आर्किटेक्ट को ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम का दौरा करने को कहा, ताकि बन रहे स्टेडियम को अंतर्राष्ट्रीय मानक के हिसाब से तैयार किया जा सके। खेल मंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) द्वारा लालपुर में लड़के व लड़कियों के लिए बनाये जा रहे 100 बेड हास्टल की प्रगति की समीक्षा की गयी।

जिसमें बताया गया कि फाउंडेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और प्रस्तावित कार्य को समय पर पूरा कराया जाएगा। सचिव खेल द्वारा कहा गया कि बिल्डिंग में सीलन किसी स्तर पर नहीं आना चाहिए , निर्माण कार्य पूर्ण के साथ किया जाये। राजकीय निर्माण निगम द्वारा बनाये जा रहे शूटिंग रेंज के संबंध में जानकारी दी गयी।

खेल मंत्री द्वारा वहाँ फेज-2 के ट्रैप शूटिंग बनाने को प्रस्ताव भेजने को कहा गया। यूपीपीसीएल द्वारा बनने वाले सिंथेटिक हॉकी कोर्ट के बारे में बताया गया कि बरसात के बाद अक्तूबर माह से कार्य निर्माण शुरू कराया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल द्वारा बताया गया कि बनारस में आयोजित हुए खेलो बनारस में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था। जिसको आगे से और विस्तृत किया जायेगा, ताकि प्रतिभाओं को आगे आने का उचित अवसर मिल सके।

जिस पर खेल सचिव द्वारा प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसमें उचित सहयोग की बात कही गयी। अंत में खेल मंत्री द्वारा सभी कार्यदायी संस्थाओं को मैनपावर बढ़ाते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

तत्पश्चात खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद यादव ने सिगरा स्थित डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराए जा रहे निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।