Trending

एक अगस्त के बाद पता चलेगी विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के लिए ट्रायल की तारीख

नई दिल्ली : भारतीय कुश्ती संघ के चुनावों को देखते हुए ये तय है कि कुश्ती के लिए नियुक्त तदर्थ समिति विश्व चैंपियनशिप के लिए ट्रायल की तारीखों पर फैसला करेगी।

जानकारी के अनुसार तदर्थ समिति ही तीन अगस्त से पहले विश्व चैंपियनशिप के लिए ट्रायल्स की तारीख पर फैसला करेगी ताकि पहलवानों को ट्रेनिंग के लिए पर्याप्त समय मिले और वे 10 अगस्त तक ट्रायल्स के लिए आ सकें।

तदर्थ समिति के एक मेंबर ज्ञान सिंह ने बताया कि अगर नयी संस्था 12 अगस्त को जिम्मेदारी संभालती है तो वे ट्रायल्स पर फैसला कैसे कर सकते हैं क्योंकि विश्व चैंपियनशिप के लिए प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख 16 अगस्त है। तब तक समय नहीं बचेगा।

उन्होंने बताया कि ‘नामांकन की अंतिम तारीख 31 जुलाई है और एक अगस्त तक पता चल जायेगा कि कितने उम्मीदवार लड़ रहे है। अगर प्रत्येक पद के लिये सिर्फ एक ही उम्मीदवार होगा तो मेरा सोचना है कि डब्ल्यूएफआई की कमान एक अगस्त तक नये अधिकारियों को सौंप दी जायेगी।

उन्होंने बोला कि ‘चयनित संस्था फिर फैसला करेगी कि विश्व चैंपियनशिप के लिए ट्रायल्स कब कराये जायें और उसके पास ऐसा करने के लिये काफी समय होगा। अगर प्रत्येक पद के लिए एक से अधिक नामांकन होंगे तो चयनित सदस्य की जानकारी 12 अगस्त तक ही हो पायेगी जब डब्ल्यूएफआई के चुनाव निर्धारित है।

अब विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स 10 अगस्त से पहले होने की उम्मीद है ताकि एशियाई खेल के लिए चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने वाले पहलवानों को एक और कड़े मैच के लिए तैयार होने के मद्देनजर करीब 17 दिन का समय मिल जाये।

तदर्थ समिति के मेंबर ने साथ ही बोला कि एशियाई खेल के ट्रायल्स से उबरने के लिये समय लेने के मद्देनजर पहलवानों की 20 अगस्त को या इसके बाद की तारीख में विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स कराने की मांग पूरा करना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व चैंपियनशिप के लिए प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख 16 अगस्त को बंद हो रही है तो हम 20 अगस्त के बाद नाम कैसे भेज सकते हैं?

एशियाई खेल के लिए 22 और 23 जुलाई को ट्रायल्स जीतने वाले पहलवानों ने बुधवार को आईओए के तदर्थ पैनल और खेल मंत्रालय से अनुरोध किया था कि विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स 20 अगस्त से पहले नहीं कराये जायें क्योंकि बार बार वजन कम करने की दर्दनाक और थकाऊ प्रक्रिया को दोहराने से वे बड़े टूर्नामेंट से पहले चोटिल हो सकते है।