Trending

एशियाई खेल फुटबॉल : महिला टीम ग्रुप बी में, पुरुष टीम ग्रुप ए में चीन व बांग्लादेश के साथ


एशियाई खेल के लिए हुए ड्रॉ में भारतीय फुटबॉल टीम, चीन, बांग्लादेश और म्यामार के साथ ग्रुप ए में शामिल किया गया है, महिला टीम ग्रुप बी में थाईलैंड और चीनी ताइपे के साथ है. पुरुषों की इवेंट में छह ग्रुप है. हर ग्रुप से टॉप दो टीमें तथा सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान पर रहने वाली चार टीमें राउंड 16 में जगह बनाएंगी.

भारतीय ओलंपिक संघ ने पहले भारतीय फुटबॉल टीमों को इस आधार पर खेलों में भेजने से मना कर दिया था कि वे एशिया में टॉप आठ देशों की रैंकिंग में नहीं थीं. भारतीय पुरुष टीम ने 1951 में शुरुआती एशियाई खेल में गोल्ड मेडल जीतने के बाद 1962 में भी यही उपलब्धि दोहराई थी.

महिलाओं की कैटेगरी में हर ग्रुप से टॉप टीम तथा सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली तीन टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी. खेल मंत्रालय ने मौजूदा चयन मापदंड में राहत देते हुए पुरुष और महिला फुटबॉल टीमों की एशियाड में हिस्सा लेने की मंजूरी दी. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने खेल मंत्रालय से दोनों टीमों को इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने देने की अपील की थी.

वर्ष 2002 के बाद से ही एशियाई खेल की फुटबॉल स्पर्धा में अंडर-23 टीम खेलती आ रही है जिसमें तीन खिलाड़ी इससे अधिक उम्र के हो सकते है. इस वर्ष 24 साल के खिलाड़ी भी खेल सकते हैं क्योंकि पिछले वर्ष चीन में कोरोना मामलों के कारण इन खेलों को एक साल के लिए स्थगित किया था.

करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री, गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू और स्टार डिफेंडर संदेश झिंगन अंडर-23 से अधिक उम्र के तीन खिलाड़ी होने के नाते भारतीय पुरुष टीम का हिस्सा होंगे.