वापसी से पहले इन दो टीम से मैच खेलेगी पुरुष हॉकी टीम
बार्सिलोना : स्पेनिश हॉकी महासंघ की सौंवी वर्षगांठ पर हो रहे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने तीसरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 1-1 से बराबरी पर रोका। इस ड्रा मैच के बाद भारत रविवार को खेले जाने वाले फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है।
सैम वार्ड ने मैच के पांचवें मिनट में इंग्लैंड के लिए शुरुआती गोल किया, भारत ने 29वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह के गोल से वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया। भारतीय टीम ने अपना पिछला मैच नीदरलैंड के साथ ड्रॉ खेला था, टीम को शुरुआती मैच में स्पेन ने हराया था। फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम को इस मैच को जीतना जरूरी था।
भारतीय खिलाड़ी सकारात्मक रवैये के साथ मैदान पर उतरे, वार्ड के मैदानी गोल से ब्रिटेन ने शुरूआती मिनटों में ही बढ़त ले ली। जेम्स ओट्स ने दायीं ओर से अवसर बनाकर गेंद को गोलपोस्ट की ओर मारा और वार्ड ने उसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की।
इंग्लैंड ने बढ़त लेने के बाद भारत पर दबाव बनाया, रक्षापंक्ति ने उनके दो पेनल्टी कॉर्नर को विफल कर दिया। भारतीय प्लेयर्स ने जवाबी हमला जारी रखा। टीम को 12वें मिनट में इसका फायदा मिला जब पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत ने गेंद इंग्लैंड के गोल पोस्ट में डाल दी।

अंपायर ने खतरनाक खेल का हवाला देते हुए इस गोल को खारिज किया। भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में इंग्लैंड पर दबाव बनाने में सफल रही। टीम गोल करने में संघर्ष करते दिखी। मैच के 29वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर स्कोर बराबर किया। मध्यांतर के बाद भी दोनों टीमों के बीच करीबी मैच जारी रहा।
दोनों टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ हमले और जवाबी हमले किये। श्रीजेश की जगह गोलकीपर की भूमिका निभा रहे पवन ने मैच के 35वें मिनट में शानदार बचाव किया। भारतीय टीम ने दो अवसर बनाये, खिलाड़ी इंग्लैंड के गोलकीपर जेम्स माजरेलो छकाने में कामयाब नहीं हुए।
मैच के आखिरी पलों में भारतीय टीम ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, माजरेलो ने एक बार फिर शानदार बचाव किया। खिताब की दौड़ से बाहर हो चुकी भारतीय टीम वतन वापसी से पहले स्पेन और नीदरलैंड के बीच होने वाले मैच को हारने वाली टीम के खिलाफ मैदान में उतरेगी।