महिला फुटबॉल विश्वकप : इंग्लैंड की जीत में लॉरेन ने दिखाया कमाल
यूरोपियन विजेता इंग्लैंड ने लॉरेन जेम्स के एकमात्र गोल से महिला फुटबॉल विश्वकप के मैच में डेनमार्क को 1-0 से मात दी। जेम्स ने मैच के छठे मिनट में ही बॉक्स के अंदर से गोल करके टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई जो आखिर तक कायम रखी।
डेनमार्क की स्थानापन्न खिलाड़ी एमेली वांग्सगार्ड बराबरी का गोल करने के करीब आई थीं, इंग्लैंड ने उन्हें रोककर मैच अपने नाम किया। इस फॉरवर्ड ने ग्रुप-डी के शुरुआती मैच में चीन के खिलाफ 90वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। इंग्लैंड की टूर्नामेंट में यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने हैती को हराया था।
इंग्लैंड की केइरा वाल्श को पहले हाफ में घुटने में चोट लग गई और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। इस जीत से इंग्लैंड की टीम इस टूर्नामेंट में नॉर्वे के लगातार 15 मैचों में गोल करने के रिकॉर्ड के बराबर पहुंच गई है।

इंग्लैंड टीम इस जीत से ग्रुप-डी से अगले दौर में पहुंचने के करीब भी आ गया है और अंतिम ग्रुप मैच में उसका सामना चीन से होगा, डेनमार्क की भिड़ंत पर्थ में हैती से होगी।
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने अर्जेंटीना के खिलाफ महिला फुटबॉल विश्वकप में ग्रुप मैच 2-2 से ड्रॉ खेला। दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में पहली बार अंक हासिल करने में कामयाब रहा। दोनों टीमों को ग्रुप-जी में एक-एक अंक मिला। 2019 विश्वकप में ग्रुप चरण के हर मैच में हार मिली थी।
अर्जेंटीना ने पांच मिनट के अंदर दो गोल किए। सोफिया ब्राउन ने 74वें और रोमिना नुनेज ने 79वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए गोल दागे। दक्षिण अफ्रीका के लिए लिंडा एम ने 30वें और थेंबी गातलाना ने 66वें मिनट में गोल किए।