सीरीज बचाने के लिए वेस्टइंडीज के लिए भारत के खिलाफ जीत जरुरी
बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल मैदान में भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज का दूसरा वनडे शाम 7:00 बजे से होगा। कप्तान रोहित शर्मा पहले वनडे से ही प्रयोग के मूड में नजर आ रहे है। ऐसे में विकेटकीपर संजू सैमसन को अवसर मिल सकता है। भारत ने जीत के साथ सीरीज की शुरुआत की थी।
अब भारतीय टीम आज का मैच जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की बढ़त लेना चाहेगी। भारत ने पहला वनडे 5 विकेट से जीता था, टीम इस वक्त सीरीज में 1-0 से आगे है। भारत के पास लगातार 13वीं बार वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने का अवसर है।
इससे पूर्व पहले मुकाबले मं भारत के लिए ईशान किशन और शुभमन गिल ने ओपनिंग की। विकेटकीपर ईशान किशन ने पहले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया और 46 गेंद में 52 रन की पारी खेली।
फील्डिंग में विराट, शुभमन, हार्दिक और जडेजा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हार्दिक पंड्या ने कई बॉउंड्री रोकी। कोहली और जडेजा ने शानदार कैच लपक कर टीम को मैच में मजबूत बनाए रखा। गेंदबाजी में स्पिनर्स का बोलबाला रहा। कुलदीप यादव ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके। तेज गेंदबाज उमरान मालिक टीम में फिर से लौटे है।

वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ अपने घर में भी 17 साल से वनडे सीरीज जीत नहीं सकी है। टीम ने आखिरी बार अपने घर में 2006 के दौरान भारत को 4-1 से वनडे सीरीज हराई थी। वेस्टइंडीज के लिए मैच मुश्किल होने वाला है। वेस्टइंडीज को सीरीज बचाने के लिए मैच जीतना जरूरी होगा। पहले वनडे में टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
टीम के स्पिनर गुडाकेश मोटी ने पहले वनडे में 2 विकेट लिए। उन्होंने ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को आउट किया। बल्लेबाजी में वेस्टइंडीज का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। शाई होप 43 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। यहां तक कि टीम भारतीय गेंदबाजों के स्पिन जाल में फंस गई और पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई।
विराट 13 हजार रन बनाने से 102 रन दूर है। उनके नाम 275 वनडे में 57.32 की औसत से 12,898 रन है। इनमें उन्होंने 46 शतक और 65 अर्द्धशतक जड़ा है। रोहित 10 हजार रन बनाने से 163 रन दूर है। उनके नाम 244 वनडे में 48.70 की औसत से 9837 रन है। इनमें उन्होंने 30 शतक और 48 अर्द्धशतक जड़ा है।
रोहित और विराट साथ में 2 रन बनाते ही 5,000 रन की पार्टनरशिप करने वाली जोड़ी बन जाएंगे। दोनों ने वनडे की 85 पारियों में 4,998 रन की पार्टनरशिप की है। इनमें 18 शतक और 15 अर्द्धशतक शामिल है। उनकी जोड़ी ऐसा करने वाली 8वीं, सबसे तेज जोड़ी बनेगी। उनके अलावा बाकी खिलाड़ी 100 या उससे ज्यादा पारियों के बाद ही 5 हजार रन की पार्टनरशिप का आंकड़ा पार कर सके है।
बारबाडोस के मौसम विभाग के मुताबिक़, शनिवार को सुबह मैच के दौरान बारिश हो सकती है। बारिश 2-3 घंटे के अंतराल में 10-15 मिनट तक ही रहेगी। बादल पूरे दिन छाए रहेंगे और दिन का मैक्सिमम टेम्परेचर 30 डिग्री तक रह सकता है। पहले वनडे बारबाडोस की पिच को देख कप्तान रोहित और शाई होप दोनों हैरान थे। पेसर्स को बेहतरीन बाउंस देखने को मिला।
स्पिनर्स ने नई गेंद से टर्न हासिल किया और बैटर्स को बहुत अधिक परेशानी हुई। पहले वनडे जैसी ही पिच देखने को मिली तो दोनों टीमें एक एक्स्ट्रा स्पिनर खिलाने पर विचार कर सकती है। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को बतौर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज मिडिल ऑर्डर में आजमाया जा सकता है। उन्हें सूर्यकुमार यादव की जगह नंबर-4 पर उतारा जा सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, एलिक एथनाज, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल/केसी कार्टी, शिमरोन हेटमायर, रोमारियो शेफर्ड, डोमिनिक ड्रेक्स, यानिक कारिया, गुडाकेश मोटी, जेडन सील्स
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, ईशान किशन/संजू सैमसन (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, शार्दूल ठाकुर, कुलदीप यादव, उमरान मलिक/अक्षर पटेल और मुकेश कुमार