Trending

ओवल टेस्ट : 31वां शतक बनाने से चूके जो रूट, इंग्लैंड 389/9

लंदन के केनिंग्टन ओवल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन स्टंप के समय इंग्लैंड टीम ने अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट के नुकसान पर 389 रन बनाए। खेल खत्म होने के समय स्टुअर्ट ब्रॉड 2 रन और जेम्स एंडरसन 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट की बेहतरीन पारी के चलते इंग्लैंड मजूबत स्थिति में आई। 32 वर्षीय रूट अपने टेस्ट करियर का 31वां शतक मारने से 9 रन से चूक गए। उन्होंने 85.85 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंदों में 91 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 1 छक्का मारे। रूट ने पांचवें विकेट के लिए जॉनी बेयरस्टो के साथ 110 रनों की पार्टनरशिप की।

तीसरे दिन इंग्लैंड ने 80 ओवर खेलने के बाद 389 बनाए। बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए 79 रन जोड़ते हुए टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। क्रॉली ने अपना अर्धशतक पूरा किया। डकेट (42) और कप्तान बेन स्टोक्स (42) अच्छी शुरुआत को लंबी पारी में नहीं बदल सके।

दूसरी पारी में बेयरस्टो की आक्रामक पारी की वजह से इंग्लैंड के स्कोर में तेजी से बढ़ोतरी हुई। उन्होंने पारी में 75.73 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 103 गेंदों में 78 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 11 चौके मारे। वह केवल 22 रन से अपना 13वां शतक जड़ने से चूक गए। इससे पूर्व वह पिछले टेस्ट में 99 रनों पर नाबाद रहे थे।

इंग्लैंड की दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी कुछ खास कमल नहीं कर सकी। इंग्लैंड ने 389 का स्कोर बनाने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मिचेल स्टार्क सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 19 ओवर में 94 रन देकर चार विकेट झटके। टॉड मर्फी ने तीन विकेट झटके। जोश हेजलवुड और कप्तान पैट कमिंस को 1-1 विकेट की सफलता हाथ लगी।