Trending

फ्रांस ने ब्राजील को 2-1 से दी मात, कप्तान रेनार्ड के नाम दर्ज हुई ये उपलब्धि


महिला फुटबॉल विश्वकप के ग्रुप-एफ में कप्तान वेंडी रेनार्ड के उपयोगी गोल से फ्रांस ने 2007 की उप-विजेता टीम ब्राजील को 2-1 से मात दी। फ्रांस की ग्रुप-एफ में पहली जीत है। इस जीत के बाद फ्रांस टीम को तीन अंक मिले। टीम ने ग्रुप में अपना पहला मैच जमैका के साथ 0-0 से ड्रॉ खेला था। ब्राजील ने अपने पहले मैच में पनामा को 4-0 से हराया था।

मैच के खत्म होने में सात मिनट शेष थे, फ्रांस की रेनार्ड ने हेडर से गोल करके टीम को 2-1 से उपयोगी बढ़त दिलाई जो मैच के आखिर तक बरकरार रही। सेल्मा ने कॉर्नर से गेंद रेनार्ड को पास की और उन्होंने इसे गोल पोस्ट में भेजने में गलती नहीं की। इस मैच को देखने के लिए 50,000 दर्शक स्टेडियम में आए थे।

ईजुनेयी ली सोमेर 13वें मिनट में गोल करने से चूक गई थी, उन्होंने 17 वें मिनट में गोल करने में गलती नहीं की। बॉक्स के अंदर से हेडर के गोल से मैच में फ्रांस का खाता खुला। पहले हाफ में फ्रांस टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में ब्राजील टीम ने वापसी करने में अधिक देर नहीं लगाई।

ओलिविएरा 58 वें मिनट में फ्रांस की प्लेयर्स को चकमा देते हुए गोल करने में कामयाब रहीं और ब्राजील की मैच में वापसी कराई। स्वीडन ने शनिवार को इटली को 5-0 से मात देकर फीफा महिला विश्वकप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। स्वीडन की अमांडा इलेस्टेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में भी अमांडा ने 90वें मिनट में गोल करके टीम को 2-1 से जीत दिलाई थी। अमांडा ने 39वें मिनट में गोल कर स्वीडन को शुरुआती बढ़त दिलाई।

फ्रिडोलिना रोलफो ने 44वें और स्टिना ब्लैकस्टेनियस ने 45+1वें मिनट में गोल करके स्वीडन को पहले हाफ में 3-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में स्वीडन गोल करने में कामयाब रहा।

अमांडा ने 50वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर टीम को 4-0 से आगे कर दिया, तो रेबेका ब्लोमक्विस्ट ने 90+5वें मिनट गोल दागकर टीम की बढ़त को मजबूत किया।