Trending

हॉकी : महिला हॉकी टीम ने जीता खिताब, पुरुष टीम को कांसा

बार्सीलोना : हॉकी महासंघ की 100वीं वर्षगांठ पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में तीसरे और चौथे स्थान के मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने गत एफआईएच हॉकी प्रो लीग चैंपियन नीदरलैंड को 2-1 से मात दी। मैच में सभी गोल पेनल्टी कॉर्नर पर हुए।

भारतीय टीम मंगलवार तड़के चेन्नई पहुंचेगी जहां उसे मेयर राधाकृष्णन हॉकी स्टेडियम में तीन अगस्त से एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेना है।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह (15वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (50वें मिनट) ने भारत के लिए गोल दागे। नीदरलैंड की तरफ से एकमात्र गोल थियेरी ब्रिंकमैन ने 25वें मिनट में किया।

मेजबान स्पेन पर भारतीय महिला टीम की आसान खिताबी जीत

बार्सिलोना : स्पेनिश हॉकी महासंघ की 100वीं वर्षगांठ पर हो रहे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मेजबान स्पेन पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने 3-0 से आसान खिताबी जीत हासिल की। इंग्लैंड पर सफलता से आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर से मजबूत शुरुआत की।

प्लेयर्स ने सतर्कता बरतते हुए छोटे और सटीक पास से अनुशासित प्रदर्शन जारी रखा जिससे उन्होंने सर्कल में अवसर बनाये, मेहमान टीम पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम को अब तक टूर्नामेंट में नहीं हारी है, उसके लिये वंदना कटारिया ने 22वें मिनट, मोनिका ने 48वें मिनट और उदिता ने 58वें मिनट में गोल दागे।

स्पेन ने भी पहले क्वार्टर के अंतिम पांच मिनट में कुछ अच्छे प्रयास किये, भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता ने बेहतरीन बचाव कर प्रतिद्वंद्वियों को दूर ही रखा। दूसरे क्वार्टर में भारत ने दबदबा बनाया जिससे उनकी बढ़त हासिल करने की भूख स्पष्ट नजर आई।

सुशीला ने 22वें मिनट में मैदानी गोल करने का अच्छा अवसर बनाया और नेहा गोयल को सर्कल के ऊपर पास दिया, उनका शॉट स्पेनिश गोलकीपर क्लारा पेरेज के पैड से वापस आ गया। इंग्लैंड के खिलाफ तीन गोल करके स्टार रहीं लालरेमसियामी ने रिबाउंड को गोलकीपर के पास स्मैश किया और वहीं मौजूद वंदना ने इसे छुआकर गोललाइन के अंदर पहुंचाया।

बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय प्लेयर्स ने सर्कल के अंदर कई बार सेंध लगाई। स्पेन पर दबाव बढ़ता जा रहा था और भारत ने मोनिका के पेनल्टी कॉर्नर पर 48वें मिनट में किये गये गोल से बढ़त दोगुनी की।

भारत ने दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान और सुशिला चानू की बदौलत रक्षण भी मजबूत किया जिससे स्पेन के हमलों पर लगाम लगी रही। हूटर बजने से दो मिनट पहले उदिता ने बेहतरीन ड्रिब्लिंग का नजारा पेश करते हुए तीसरा गोल किया।