Trending

मोरक्को के खिलाफ डेविस कप मुकाबले के लिए भारत के गैर खिलाड़ी कप्तान होंगे रोहित राजपाल 


लखनऊ। लखनऊ में होने वाले डेविस कप मुकाबले के लिए तैयारी तेज हो गयी है। मोरक्को के खिलाफ ये मुकाबला लखनऊ के विजयंत खंड स्टेडियम में 16-17 सितंबर को खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए  भारतीय टीम की घोषणा आल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (आइटा) ने की। 

नंदन बल की अध्यक्षता वाली प्रोफेशनल सेलेक्शन कमेटी की वर्चुअल बैठक के बाद भारतीय टीम घोषित की गई है। भारतीय टीम के गैर खिलाड़ी कप्तान रोहित राजपाल होंगे। 

वहीं टीम में सुमित नागल, शशिकुमार मुकंद, दिग्विजय प्राप्त सिंह, रोहन बोपन्ना, यूकी भांभरी और रामकुमार रामनाथन को जगह मिली है। वहीं टीम में साकेत मेनिनी, मानस धामे, मनीष सुरेश कुमार, करन सिंह और युवान नंदल को टीम के साथ कैंप में प्रैक्टिस करने के लिए जगह दी गयी है। टीम के कोच जीशान अली होंगे।

डेविस कप टीम की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन (यूपीटीए) ने अपनी तैयारी बहुत तेज कर दी। वहीं तैयारियों का यूपीटीए के अध्यक्ष नवनीत सहगल अब प्रतिदिन जायजा ले रहे हैं। इस सिलसिले में एक बैठक मंगलवार को होगी  जिसमें आल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (आइटा) के महासचिव अनिल धुपर भी वर्चुअल तौर पर मौजूद रहेंगे। 

यूपीटीए के सचिव पुनीत अग्रवाल ने बताया कि डेविस कप से जुड़ी सारी तैयारियां बहुत तेजी से पूरी की जा रही हैं। हमारी कोशिश है कि डेविस कप का ये आयोजन एतिहासिक हो। दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। वहीं दर्शको को भी कोई दिक्कत ना हो इसके लिए भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।