इंग्लैंड की जीत के साथ विदा हुए तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड
ओवल में हुए एशेज सीरीज के पांचवें टेस्ट के अंतिम दिन इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 49 रनों से हराया. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को जीत के साथ विदाई दी गई. जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को 384 रन का टारगेट मिला था. ऑस्ट्रेलिया 334 रन पर सिमट गई.
ऑस्ट्रेलिया की पारी के अंतिम दो विकेट स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम रहा, जो इस मैच के बाद क्रिकेट से रिटायर हो रहे है. स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट में 604 विकेट के साथ करियर का अंत किया. मिशेल स्टॉर्क और क्रिस वोक्स को प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला.
इंग्लैंड ने एशेज सीरीज को इस जीत के साथ दो-दो की बराबरी पर खत्म कर दिया. ऑस्ट्रेलिया टीम ने एशेज सीरीज को रिटेन किया है. एशेज सीरीज के पहले दो मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली थी. तीसरे मैच में इंग्लैंड ने जीत हासिल की थी, सीरीज का चौथा मैच ड्रॉ रहा था. आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड जीती.

384 रन के टारगेट के जवाब में ऑस्ट्रेलिया टीम की शानदार शुरुआत रही थी. बारिश से मैच प्रभावित हुआ, जिसके चलते लंच के बाद टी ब्रेक जल्दी लेना पड़ा. बारिश के बाद जब खेल शुरू हुआ तो ऑस्ट्रेलिया ने एक समय तक तीन विकेट गिराने पर 264 रन बनाए थे, स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की पार्टनरशिप 95 रन की हो चुकी थी और मैच इंग्लैंड से दूर हो रहा था.
मोईन अली ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा. ट्रेविस हेड 43 रन बनाकर आउट हो गए. इस पार्टनरशिप के टूटते ही ऑस्ट्रेलिया बिखर गई. स्टीव स्मिथ 54 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर पवेलियन लौटे. वोक्स और मोईन अली की गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलिया नहीं टिक सकी. 294 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट गंवा दिए.

करियर का अंतिम मैच खेल रहे स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया पारी के आखिरी दो विकेट झटके. उन्होंने टॉड मर्फी (18 रन) को चलता किया, एलेक्स कैरी (28 रन) के रुप में अपने करियर का आखिरी विकेट लिया.
ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 334 रन पर ऑलआउट हो गई. उस्मान ख्वाजा ने 72 रन बनाए, डेविड वॉर्नर ने 60 रन की पारी खेली. इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने चार विकेट झटके, मोईन अली ने तीन विकेट झटके.