Trending

रिटायर हुए अपर मुख्य सचिव खेल डॉ. नवनीत सहगल


लखनऊ। खेल एवं युवा कल्याण विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद कार्यरत डॉ. नवनीत सहगल रिटायर हो गए। सहगल ने बसपा, सपा और भाजपा की सरकारों में अहम भूमिका निभाई। सहगल मायावती से लेकर अखिलेश और योगी आदित्यनाथ तक की कोर टीम में रहे है।

इस मौके पर खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बताया कि भले ही वह आज सेवानिवृत्त हो गए हों, खेल में उनका मार्गदर्शन आगे भी लिया जायेगा। खेल आयोजनों की जिम्मेदारी से वह मुक्त नहीं हुए है। निदेशक खेल डॉ. आरपी सिंह के मुताबिक़, बड़े खेल आयोजन को लेकर वह कभी चिंतित नहीं हुए।

हम लोगों का उत्साहवर्धन करने के साथ सबके सुझावों को ध्यान से सुनते और प्लानिंग कर आयोजन को ऐसे करवाते कि किसी पर बोझ नहीं रहता था। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स इसकी मिसाल है।

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनंदेश्वर पाण्डेय ने बोला कि, जब उनके पास खेल का कार्यभार नहीं था तब भी उन्होंने खेलों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इनके जरिए हम आसानी से अपनी मांग शासन तक पहुंचाते रहे है। बताते चलें कि आईएएस डॉ. नवनीत सहगल देश की ब्यूरोक्रेसी में एक्टिव रहे। खेल में उनके योगदान को देखते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में उन्हें सम्मानित किया गया।

खेल विभाग और खेल संघों की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव मौजूद रहे। तेजतर्रार अधिकारी के रूप में पहचान बनाने वाले डॉ. नवनीत सहगल विभिन्न खेल संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर है और खेलों के आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

लखनऊ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के साथ ही उन्होंने गोल्फ और अन्य खेल संगठनों में कई महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजधानी में आईपीएल और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स जैसे आयोजन उनकी देखरेख में आयोजित हुए।

सितंबर में आयोजित होने वाले डेविस कप का आयोजन भी उन्हीं की बदौलत लखनऊ को मिली। इसकी तैयारियों को लेकर वह रोजाना समीक्षा बैठक भी कर रहे है।

उत्तर प्रदेश कराटे संघ के अध्यक्ष टीपी हवेलिया ने इस मौके पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन के सचिव मुनव्वर अंजार, लखनऊ फुटबॉल संघ के सचिव कन्हैया लाल, लखनऊ एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव बीआर वरुण सहित कई अन्य ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।