Trending

फीफा महिला विश्व कप : वियतनाम को मात देकर नीदरलैंड ग्रुप ई में शीर्ष पर

महिला फुटबॉल विश्वकप में नीदरलैंड ने पहले हाफ में 15 मिनट के अंदर चार गोल दागते हुए वियतनाम को 7-0 से मात देकर ग्रुप ई में शीर्ष स्थान में जगह बनाई। नीदरलैंड टीम इस मैच से पहले खराब गोल अंतर की वजह से अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर थी।

नीदरलैंड की तरफ से एस्मी ब्रग्ट्स (18वें और 57वें मिनट) और जिल रूर्ड (23वें और 83वें मिनट) ने दो-दो गोल दागे, लेइकी मर्टेन्स (आठवें मिनट), कात्जा स्नोइस (11वें मिनट) और डेनियली वान डि डोंक ने एक-एक गोल किया। अमेरिका और पुर्तगाल का मैच गोल रहित ड्रॉ रहा और नीदरलैंड ने वियतनाम को मात देकर ग्रुप में शीर्ष पर जगह बना ली।

अमेरिका टीम ने दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में जगह बनाई। नीदरलैंड टीम प्री क्वार्टर फाइनल में ग्रुप जी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। ग्रुप जी के अंतिम दौर के मैच अभी बाकी है। स्वीडन शीर्ष पर है, इटली दूसरे स्थान पर है।