भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीती लगातार 13वीं वनडे सीरीज
तीसरे और निर्णायक वनडे में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 200 रनों से मात देकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 351 रन बनाए, जवाब में वेस्टइंडीज 36वें ओवर में 151 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज के खिलाफ यह भारत की 13वीं वनडे सीरीज जीत है।
टॉस हारकर पहले खेलने आई टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए ईशान किशन के साथ 143 रनों की पार्टनरशिप की। ईशान किशन ने सीरीज का तीसरा अर्धशतक जड़ा और 77 रन बनाकर 20वें ओवर में आउट हो गए।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ऋतुराज गायकवाड़ फ्लॉप रहे और 8 रन बनाकर 23वें ओवर में 154 के स्कोर पर आउट हुए। भारत की ओर से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शुभमन गिल ने 92 गेंदों में 85 और ईशान किशन ने 64 गेंदों में 77 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने 52 गेंदों में 70 और संजू सैमसन ने 41 गेंदों में 51 रनों की तेज़ पारी खेली। ईशान को सीरीज में तीन अर्धशतक समेत सबसे अधिक 184 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
शुभमन गिल ने संजू सैमसन के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े, जिसमें सैमसन ने 41 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। गिल ने छठा वनडे अर्धशतक जड़ा, शतक लगाने से चूक गये और 39वें ओवर में 244 के स्कोर पर वह 85 रन बनाकर आउट हो गए।

हार्दिक पांड्या ने सूर्यकुमार यादव (30 गेंद 35) के साथ पांचवें विकेट के लिए 65 रनों की पार्टनरशिप करते हुए टीम को 300 के पहुंचाया। 47 वें ओवर में 309 के स्कोर पर सूर्या के आउट होने के बाद हार्दिक ने शानदार बल्लेबाजी की और पारी की आखिरी गेंद पर टीम को 350 के पार भी पहुंचाया।

हार्दिक ने अपना अर्धशतक पूरा किया और 70 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ रविंद्र जडेजा 8 रन बनाकर नाबाद लौटे। अंतिम 10 ओवर में टीम इंडिया ने 104 रन बनाये।
वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती के अलावा सब गेंदबाज महंगे साबित हुए, रोमारियो शेफर्ड ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। बड़े लक्ष्य के जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही और सातवें ओवर में 17 के स्कोर तक मुकेश कुमार ने मेजबानों को तीन झटके थे।
ब्रैंडन किंग 1, काइल मेयर्स 4 और शाई होप 5 रन बनाकर आउट हो गए। 11वें ओवर में जयदेव उनादकट ने 35 के स्कोर पर किसी कार्टी (6) को चलता किया, 12वें ओवर में 40 और 14वें ओवर में 50 के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने शिमरोन हेटमायर (4) और रोमारियो शेफर्ड (8) को चलता किया।
कुलदीप यादव ने 22वें ओवर में 75 के स्कोर पर एलिक अथानाज़े (32) और 24वें ओवर में 88 के स्कोर पर यानिक कारियाह (19) को आउट करने वेस्टइंडीज को दो और झटके दिए।
गुडाकेश मोती ने सबसे अधिक नाबाद 39 रन बनाए और अल्जारी जोसेफ (26) के साथ नौवें विकेट के लिए 55 रन जोड़े, 34वें ओवर में 143 और 36वें ओवर में 151 के स्कोर पर शार्दुल ने आखिरी दो विकेट लेकर टीम को जबरदस्त एकतरफा जीत दिलाई।
शार्दुल ने सीरीज में आठ विकेट झटके। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 अगस्त से पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी। वनडे सीरीज के पहले भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से जीत दर्ज की थी।