ऑस्ट्रेलियन ओपन : सिंधु-श्रीकांत की जीत, मिथुन मंजूनाथ का उलटफेर
सिडनी : ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने जगह बना ली है। उनके अलावा मिथुन मंजूनाथ ने चौथे वरीय और पूर्व विश्व चैंपियन दुनिया के सातवें नंबर के सिंगापुर के कीन यीउ लोह को मात देकर उलटफेर किया।
सत्र में टूर पर सात टूर्नामेंटों के पहले दौर में हारने वालीं पांचवी वरीय सिंधु ने पहले दौर में हमवतन अष्मिता चालिहा को 36 मिनट में 21-18, 21-13 से मात दी। महिला एकल में आकर्षी कश्यप ने मलेशिया की जिन वेई गोह को 21-15, 21-17 से मात दी, मालविका बंसोड को चीनी ताइपे की यू पो पेई के खिलाफ 20-22, 11-21 से हारी।

दुनिया के 50वें नंबर के मंजूनाथ ने पुरुष एकल के पहले दौर में लोह को 21-19, 21-19 से मात दी। मंजूनाथ इस सुपर 500 टूर्नामेंट के अगले दौर में मलेशिया के ली जी जिया और लियोंग जुन हाओ के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ेंगे।
इस बीच लक्ष्य सेन चोट की वजह से हमवतन किरण जॉर्ज के खिलाफ मैच के बीच से हट गए। लक्ष्य जब हटे तब वह पहले गेम में 0-5 से पीछे थे। अन्य मुकाबलों में दुनिया के 19वें नंबर के श्रीकांत ने जापान के केंता निशिमोतो को 21-18, 21-7 से मात दी, छठे वरीय एचएच प्रणय ने हांगकांग के च्युक यीयु ली 21-18, 16-21, 21-15 से हराया।
युवा प्रियांशु राजावत ने भी ऑस्ट्रेलिया के नाथन टैंग को 21-12 21-16 से हराया। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और सिकी रेड्डी को पहले दौर में दुनिया की पांचवें नंबर की सियुंग जेई सियो और यू जुंग चेई की कोरिया की जोड़ी के खिलाफ 14-21, 18-21 से हार मिली।
पुरुष एकल के दूसरे दौर में प्रणय की भिड़ंत चीनी ताइपे के यू जेन ची से होगी, राजावत और श्रीकांत भी ताइपे के प्रतिद्वंद्वियों क्रमश: जू वेई वैंग और ली येंग सू से भिड़ेंगे।