विश्व विश्वविद्यालय खेल : निशानेबाजी में भारत को रजत पदक, एथलेटिक्स में कांसा
विश्व विश्वविद्यालय खेल की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों इलावेनिल वलारिवान और दिव्यांश सिंह पंवार ने रजत पदक अपने नाम किया, भवानी यादव भगवती ने महिला लंबी कूद में कांस्य पदक जीता।
भारतीय जोड़ी क्वालीफिकेशन चरण एक में 635.3 अंक के साथ शीर्ष पर थी। चीन की स्वर्ण पदक विजेता जोड़ी 629.7 अंक के साथ छठे स्थान पर थी। इलावेनिल और दिव्यांश को गोल्ड मेडल के मैच में यू झेंग और बुहान सोंग की चीन की जोड़ी के खिलाफ 13-17 से हार मिली।

इलावेनिल और दिव्यांश की जोड़ी क्वालीफिकेशन चरण दो में 421.3 अंक के साथ शीर्ष पर रही। चीन की जोड़ी 420.7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। भारतीय जोड़ी गोल्ड मेडल के मैच में सफलता दोहराने में विफल रही और चीन की जोड़ी से हार गई।
दूसरे क्वालीफिकेशन चरण के अंत पर शीर्ष दो जोड़ियों के बीच गोल्ड मेडल का मैच होता है तीसरे और चौथे नंबर की जोड़ी कांस्य पदक के लिए खेलती है। महिला लंबी कूद में भवानी ने 6.32 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।
इन दो पदक के साथ भारत के नाम 11 गोल्ड, पांच रजत और सात कांस्य पदक हुए और देश पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। चीन पदक तालिका में शीर्ष पर है, उसके बाद कोरिया और जापान का नंबर आता है।
मंगलवार को आशी चौकसी, माणिनी कौशिक और सिफ्ट कौर सामरा की तिकड़ी ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था, अर्जुन सिंह चीमा, वरूण तोमर और अनमोल जैन ने पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।